देहरादून: राजकीय शिक्षक संघ गढ़वाल मंडल के मंडलीय अधिवेशन के द्वितीय दिवस नई कार्यकारिणी के निर्वाचन हेतु मतदान संपन्न हुआ। दून विश्वविद्यालय रोड स्थित निरंजन फार्म में बनाए गए मतदान स्थल पर प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान हुआ, जबकि अपराह्न 3 बजे से मतगणना प्रारंभ की गई, जो देर रात तक चली।

मतगणना परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर जयदीप रावत एवं मंडलीय मंत्री पद पर मनमोहन चौहान ने शानदार जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर जयदीप रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी श्याम सिंह सील को 536 मतों से पराजित किया। जयदीप रावत को 1155 मत प्राप्त हुए, जबकि श्याम सिंह सील को 618 मत मिले।

मंडलीय मंत्री पद पर मनमोहन चौहान ने नरेश भट्ट को 462 मतों से हराया। मनमोहन चौहान को 935 मत, नरेश भट्ट को 475 मत तथा नागेंद्र पुरोहित को 372 मत प्राप्त हुए।

अन्य पदों के परिणाम इस प्रकार रहे—

उपाध्यक्ष पद पर सुबोध ने 750 मत प्राप्त कर राजकुमार (318 मत) को पराजित किया।

महिला अध्यक्ष पद पर अंजू रानी शर्मा ने 855 मत प्राप्त कर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी को हराया।

संगठन मंत्री पद पर आशीष शुक्ला ने 897 मत प्राप्त कर मनिंदर सिंह लडोल को पराजित किया।

संयुक्त मंत्री पद पर मक्खन लाल साहनी ने 648 मत प्राप्त कर सुरेश भंडारी को हराया।

महिला संयुक्त मंत्री पद पर अर्पण रावत ने 1000 मत प्राप्त कर अंजू श्रीवास्तव को पराजित किया।

निरीक्षक पद पर दीपक नौटियाल ने सुनील गोसाई को 109 मतों से पराजित किया।

महिला संगठन मंत्री पद पर डॉ. प्रमिला रानी ने रेनू लाडला को 175 मतों से पराजित किया।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राम सिंह चौहान, प्रांतीय महामंत्री रमेश पैन्यूली तथा मंडलीय मंत्री हेमंत पैन्यूली ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। संघ के पूर्व मंडलीय प्रवक्ता महेंद्र सिंह नेगी ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई दी।

शपथ ग्रहण के उपरांत विजयी प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ विजय जुलूस निकाला। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने स्पष्ट किया कि वर्षों से लंबित शिक्षकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा तथा उनके समाधान हेतु शासन स्तर पर प्रभावी संवाद एवं संघर्ष किया जाएगा। प्रमुख मांगों में सहायक अध्यापक एलटी से प्रवक्ता पदोन्नति, एलटी/ प्रवक्ता से प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति, यात्रा अवकाश की बहाली, वेतन विसंगतियों का निराकरण, चयन/प्रोन्नत वेतनमान पर एक वेतन वृद्धि तथा अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में उप प्रधानाचार्य के पद सृजित किए जाने जैसी मांगें शामिल हैं।

कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय अध्यक्ष राम सिंह चौहान एवं महामंत्री रमेश पैन्यूली ने किया। अधिवेशन के सफल समापन पर उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया।