राजकीय इंटर कॉलेज नलई में पर्यावरण विषय पर संगोष्ठी व प्रतियोगिताओं का आयोजन
पौड़ी गढ़वाल: सामाजिक संस्था समळौण द्वारा जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखण्ड कल्जीखाल स्थित राजकीय इंटर कॉलेज नलई में शैक्षिक उत्थान एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर छात्र-छात्राओं के मध्य संगोष्ठी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जूनियर वर्ग के लिए पर्यावरण आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता तथा कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए “पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यावरण चेतना” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में कुमारी दीपिका (कक्षा 12) ने प्रथम, कुमारी नीतू (कक्षा 12) ने द्वितीय तथा कुमारी करिश्मा (कक्षा 12) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में कुमारी पावनी नेगी, कुमारी नैंसी एवं कुमारी पावनी-2 को सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सैनिक एवं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कोमल नेगी ने कहा कि छात्र-छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे वृक्षों के महत्व को समझ सकें।
समलौण आन्दोलन की राज्य संयोजिका श्रीमती सावित्री देवी ममगाईं ने कहा, “वृक्ष हमारे प्राणवायु हैं, जो हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। उनका संरक्षण करना प्रत्येक मानव का परम कर्तव्य है।” उन्होंने बताया कि निरंतर जंगलों की कटाई से वन्यजीवों का आवास संकट में है, जिसके कारण वे गांवों की ओर आ रहे हैं। इससे बचने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। तभी वन एवं वन्यजीव बच सकते हैं।
समलौण आन्दोलन के जिला संयोजक पवन पटवाल ने समलौण अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि जीवन के प्रत्येक संस्कार — जन्म, नामकरण, जन्मदिन, अन्नप्राशन, विवाह एवं वार्षिक पिंडदान — के अवसर पर लगाए जाने वाले पौधे को “समलौण पौध” कहा जाता है। परिवार पौधे की देखभाल भावनात्मक रूप से करता है और इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जन्मदिन पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण करने तथा वनों को आग से बचाने की अपील की।
शिक्षकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और प्रेरणा बढ़ती है। कार्यक्रम के समापन पर संस्था की ओर से विद्यालय को समलौण पौधा भेंट किया गया। कार्यक्रम का संचालन सावित्री देवी ममगाईं एवं पवन पटवाल ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि गणेश प्रसाद खंडूरी, सरपंच अजय नेगी, मनोज उनियाल, प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार, एसएमसी अध्यक्षा पार्वती नेगी, प्रवक्ता प्रमोद कुमार, रूपेश कुमार, श्रीमती कमलेश रावत, सत्यपाल सिंह रावत, यशपाल सिंह नेगी, सहायक अध्यापक एलटी आरके कोहली, विजय बिष्ट, सूर्य प्रकाश, गिरीश नेगी, श्रीमती स्नेह सिंह, सुनीता पुरोहित, रिद्धि तिवारी एवं छात्र-छात्राओं सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
जगमोहन डांगी



