Home उत्तराखण्ड धारी देवी मंदिर के समीप अलकनंदा नदी में आपस में टकराई दो...

धारी देवी मंदिर के समीप अलकनंदा नदी में आपस में टकराई दो बोट, नदी में कूदा ड्राइवर, वीडियो देख लोगों की सांसें अटकी

Dhari Devi Boats collision: उत्तराखंड के श्रीनगर स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ धारी देवी मंदिर के समीप अलकनंदा नदी में दो बोटों की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक बोट दूसरी के ऊपर चढ़ गई। हादसे के दौरान एक बोट का चालक संतुलन खोकर नदी में गिर पड़ा। जबकि, दूसरी बोट कुछ देर तक अनियंत्रित अवस्था में घूमती रही। बोटों की टक्कर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

चार दिन पहले हुई इस घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो अब सामने आया है। इस दौरान पास में मौजूद लोग कहते सुनाई दे रहे हैं- देख-देख बेचारे को मार दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, यह घटना चार दिन पहले यानी रविवार, 15 फरवरी की है। मंदिर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच अलकनंदा में बोटिंग चल रही थी। नदी के तेज बहाव के कारण दो बोटों का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते एक नाव दूसरी के ऊपर चढ़ गई। टक्कर लगते ही नाव में सवार एक व्यक्ति छिटककर नदी में जा गिरा, जबकि चालक ने खुद को बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। भिड़ंत के बाद एक बोट काफी देर तक भंवर की तरह गोल-गोल घूमती रही। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहत दल ने तत्परता दिखाते हुए नदी में गिरे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि हादसे दौरान दोनों बोटों में चालक के अलावा कोई और सवार नहीं था। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि श्रद्धालु सवार होते तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

कई लोगों ने तत्काल अपना मोबाइल निकालकर वीडियो बना लिया, जिसे अब खूब शेयर किया जा रहा है। हालांकि, हादसे के दौरान एक चालक ने सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया। बताया जा रहा है कि वो अलकनंदा नदी से तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अलकनंदा नदी का जलस्तर और बहाव तेज था। बोट चालकों के बीच तालमेल की कमी की वजह से यह दुर्घटना हुई। धारी देवी मंदिर में रोजाना हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बोट संचालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए और बोटिंग के दौरान लाइफ जैकेट की अनिवार्यता की कड़ी निगरानी की जाए।

इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी में बोट संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। ताकि, भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

देखें वीडियो: