Deputy Education Officer Arrested Red-Handed for Accepting Bribe in Doiwala

देहरादून: देहरादून जनपद के डोईवाला क्षेत्र में तैनात उप शिक्षा अधिकारी एवं उनकी महिला सहयोगी को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। विजिलेंस की टीम ने आरोपी अधिकारी एवं उसकी महिला को नेपाली फार्म के पास घूस लेते दबोचा है। जिसके बाद उन्हें रायवाला कोतवाली ले जाया गया है।

बताया जा रहा है कि डोईवाला प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी हाल में तैनाती उप शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक स्कूल के आरटीई के तहत अध्ययनरत छात्रों के बिल के भुगतान के एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। जिस पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को रिश्वत मांगे जाने की सूचना दी थी। सूचना पर विजिलेंस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए जाल बुना।

ट्रैप के अनुसार अधिकारी नेपाली फार्म में अपनी निजी गाड़ी से रिश्वत लेने पहुंचा। तभी विजिलेंस की टीम ने उप शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट और सह आरोपी पुष्पांजलि को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद आगे कार्रवाई की जा रही है।