श्रीनगर गढ़वाल: राजकीय इंटर कॉलेज स्वीत, खिर्सू, पौड़ी गढ़वाल में विभागीय निर्देशों के तहत भारतीय भाषा समर कैंप 2026 का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर निगम श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत भंडारी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी ने सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।

प्रधानाचार्य महेंद्र सिंह नेगी ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि इस प्रकार के समर कैंप छात्र-छात्राओं में सृजनशीलता, आत्मविश्वास एवं नई क्षमताओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्य अतिथि आरती भंडारी ने कहा कि समर कैंप में प्रतिभाग करने से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है तथा उन्हें नई भाषाओं और संस्कृतियों को समझने का अवसर मिलता है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत भंडारी ने गढ़वाली भाषा में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सामूहिकता की भावना विकसित होती है तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनके व्यक्तित्व का विकास होता है।

कार्यक्रम में संदर्भदाता सरिता बर्त्वाल ने विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं नोडल शिक्षक राकेश मोहन कंडारी ने भारतीय भाषाओं का परिचय प्रस्तुत किया तथा शिक्षक नरेंद्र तिवारी ने योगाभ्यास करवाया। प्रथम सत्र में छात्र-छात्राओं का पंजीकरण, प्रार्थना सभा एवं योगाभ्यास आयोजित किया गया। मध्यावकाश में जलपान के उपरांत द्वितीय सत्र में भारतीय भाषाओं का परिचय कराया गया तथा सांकेतिक भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इसके बाद विद्यार्थियों को खो-खो खेल भी खिलाया गया। समर कैंप में 20 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।