श्रीनगर गढ़वाल: चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक एवं उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन की प्रमुख सेनानी एवं श्रीनगर निवासी राज्य आंदोलनकारी विमला कोठियाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

अपने शोक संदेश में धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि विमला कोठियाल उत्तराखंड राज्य आंदोलन की अग्रणी योद्धाओं में से थीं और उन्होंने राज्य निर्माण के संघर्ष में महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर 1994 के मुजफ्फरनगर कांड की प्रमुख गवाहों में शामिल विमला कोठियाल ने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस, दृढ़ता और समर्पण का परिचय देते हुए उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष किया।

धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि विमला कोठियाल ने अपने मान-सम्मान और व्यक्तिगत हितों की परवाह किए बिना राज्य आंदोलन के लिए त्याग और बलिदान का उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके योगदान को उत्तराखंड की जनता सदैव स्मरण रखेगी।

उन्होंने कहा कि विमला कोठियाल के निधन से उत्तराखंड आंदोलन के त्याग, संघर्ष और समर्पण का एक महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हो गया है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।