देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार को हुई तिहरे हत्याकांड की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। दिनदहाड़े एक सेवानिवृत्त बुजुर्ग दंपति और उनकी घरेलू सहायिका की हत्या किए जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटना के कुछ ही समय बाद संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से सेवानिवृत्त रमेश कपूर (85 वर्ष) अपनी पत्नी रजनी कपूर (76 वर्ष) के साथ विष्णु लोक कॉलोनी में रहते थे। दंपति के दो बेटे हैं, जो नौकरी के सिलसिले में दिल्ली और पुणे में रहते हैं। घटना की सूचना दोनों को दे दी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार दोपहर पड़ोस में रहने वाली महिलाओं को कपूर दंपति के घर से चीखने और कराहने जैसी आवाजें सुनाई दीं। संदेह होने पर वे पड़ोसियों के साथ घर की ओर पहुंचीं। बताया जाता है कि घर के भीतर घरेलू सहायिका गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी। इसी दौरान घर के अंदर मौजूद एक युवक को देखकर लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद वह मौके से भागने लगा।
स्थानीय युवकों ने लोगों की सूचना पर गली के बाहर भाग रहे संदिग्ध को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी प्लंबर का काम करता है। और हाल ही में उक्त परिवार के संपर्क में आया था. हालांकि पुलिस ने अभी तक हत्या के पीछे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने बुजुर्ग दंपति को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल घरेलू सहायिका ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा फॉरेंसिक टीम को भी जांच में लगाया गया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद विष्णु लोक कॉलोनी सहित पूरे रायपुर क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है। स्थानीय लोग दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्तब्ध हैं तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग कर रहे हैं।
एसएसपी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया घटना चोरी के लिए की गई हत्या नहीं लग रही है। हिरासत में लिया गया व्यक्ति परिवार का परिचित है और पहले से घर आता-जाता रहा है। अब पुलिस हत्या के पीछे की वजह, आरोपी की भूमिका और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की आशंका समेत हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद हत्या की पूरी कहानी सामने आएगी।

















