Home उत्तराखण्ड पौड़ी: ‘स्व. ललित मोहन कोठियाल स्मृति नागरिक सम्मान’ से सम्मानित हुई ये...

पौड़ी: ‘स्व. ललित मोहन कोठियाल स्मृति नागरिक सम्मान’ से सम्मानित हुई ये पांच विभूतियां

'Late Lalit Mohan Kothiyal Memorial Civic Honour'

बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी विद्यार्थियों का भी हुआ सम्मान

पौड़ी। नागरिक कल्याण मंच एवं जागरूक विकास समिति तथा उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जिला मुख्यालय पौड़ी स्थित नगर पालिका सभागार में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय ललित मोहन कोठियाल की पुण्यतिथि पर ‘स्व. ललित मोहन कोठियाल स्मृति नागरिक सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विभूतियों को सम्मानित किया गया, जबकि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लेख इंटरनेशनल स्कूल, भीमताल के संस्थापक एवं निदेशक सतेंद्र सिंह नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल, पौड़ी से हुई। उन्होंने विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य स्वर्गीय इंद्र मोहन मुद्गिल को श्रद्धापूर्वक याद किया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा समाज को सही दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है। यह व्यक्ति में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव विकसित करती है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और समावेशी समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरित करने का कार्य करता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन डांगी तथा बाल साहित्यकार मनोहर चमोली ने कहा कि स्वर्गीय ललित मोहन कोठियाल ने पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक सरोकारों को मजबूती से उठाया और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने रखा। उनके व्यक्तित्व और कार्यों से आज भी पत्रकारिता जगत प्रेरणा लेता है।

समारोह में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कीर्ति सिंह रावत, खेल के क्षेत्र में राजेंद्र सिंह रावत, शिक्षा के क्षेत्र में वीरेंद्र काला, गढ़वाली साहित्य में विशिष्ट योगदान के लिए कवि एवं व्यंग्यकार नरेंद्र कठैत तथा जनसरोकारों के क्षेत्र में केशर सिंह असवाल को ‘स्व. ललित मोहन कोठियाल स्मृति नागरिक सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जीआईसी पौड़ी नगर के एरोन मेसी, मैसमोर स्कूल, पौड़ी के प्रियांशु, डीएवी इंटर कॉलेज, पौड़ी के शाह फिरोज तथा जीजीआईसी पौड़ी की नंदिनी रावत को भी सम्मानित किया गया।

इससे पूर्व नागरिक कल्याण मंच एवं जागरूक विकास समिति ने एजेंसी चौक स्थित कार्यालय में स्वर्गीय ललित मोहन कोठियाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके स्मृति वन में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए।

कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के महासचिव नरेश चंद्र नौडियाल ने किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत, उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र बड़थ्वाल, कोषाध्यक्ष मकान सिंह रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष विनय शर्मा, सुरेश चंद्र बड़थ्वाल, अनीता रावत, कुसुम नेगी, प्रशांत नेगी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जगमोहन डांगी