Home उत्तराखण्ड गढ़देवा: गुदड़ी के लाल ने फिर लहराया परचम, 800 मीटर दौड़ में...

गढ़देवा: गुदड़ी के लाल ने फिर लहराया परचम, 800 मीटर दौड़ में 15 विकासखंडों के खिलाड़ियों को पछाड़कर बना चैंपियन

पिछला रिकॉर्ड तोड़कर जनपद में पहला स्थान, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

पौड़ी गढ़वाल: जनपद पौड़ी के रासी स्टेडियम में आयोजित जनपदीय स्तरीय शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता (गढ़देवा) में विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज दिउसी के छात्र लक्की रुडोला ने 800 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। 15 विकासखंडों के प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए लक्की ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान पक्का कर लिया।

लक्की रुडोला की इस उपलब्धि से विकासखंड कल्जीखाल के साथ-साथ पट्टी मनियारस्यूं, गांव दिउसी और थापला क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

हमारे संवाददाता जगमोहन डांगी से बातचीत में लक्की रुडोला ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के व्यायाम शिक्षक वीर अर्जुन चौखाली, विद्यालय के समस्त गुरुजनों तथा अपने पालन-पोषण करने वाले चाचा कुलदीप बगासी और चाची सीमा देवी को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के मार्गदर्शन और सहयोग से ही वह यह मुकाम हासिल कर सके हैं।

लक्की ने बताया कि वह प्रतिदिन गांव की पगडंडी वाली सड़कों पर नियमित अभ्यास करते हैं। उनकी मेहनत का ही परिणाम है कि उन्होंने एक बार फिर जिले में अपना परचम लहराया। उल्लेखनीय है कि गत माह आयोजित शरदकालीन खेल प्रतियोगिता में भी उन्होंने 800 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था।

लक्की रुडोला की इस उपलब्धि पर क्षेत्र प्रमुख कल्जीखाल गीता देवी, जिला पंचायत सदस्य सविता देवी, सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी, ग्राम प्रधान थापला राकेश कुमार, ग्राम प्रधान दिउसी ममता नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कविता देवी, सामाजिक कार्यकर्ता जसवीर रावत, पूर्व पीटीए अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान थनूल देवेंद्र रावत, पूर्व प्रधान शिव प्रसाद कुकरेती, पूर्व प्रधानाचार्य दीनदयाल सिंह सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने लक्की को शुभकामनाएं देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

जगमोहन डांगी