ग्रेटर नोएडा: शारदा केयर हॉस्पिटल द्वारा उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के सदस्यों एवं उनके परिवारों के लिए रविवार, 29 मार्च 2026 को शारदा अस्पताल परिसर में एक निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किडनी एवं ऑर्थोपेडिक (हड्डी रोग) से संबंधित बीमारियों पर जानकारी देते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

स्वास्थ्य चर्चा सत्र के दौरान किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. कुणाल राज गांधी (डायरेक्टर, नेफ्रोलॉजी) ने किडनी रोगों के लक्षण, कारण एवं बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि अधिकांश मामलों में किडनी की बीमारी का पता तब चलता है, जब किडनी लगभग 90 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त हो चुकी होती है। ऐसी स्थिति में डायलिसिस या किडनी प्रत्यारोपण ही विकल्प बचता है। उन्होंने 45 वर्ष की आयु के बाद प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक बार रक्त जांच कराने की सलाह दी, ताकि समय रहते बीमारी का पता चल सके।

वहीं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. चिराग टंडन (इंटरनल मेडिसिन) ने कहा कि कोविड-19 के बाद लोगों में विभिन्न प्रकार की नई स्वास्थ्य समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने संतुलित आहार अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. पुष्कर चावला ने गर्दन, कमर एवं घुटनों के दर्द से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों के सवालों के जवाब दिए।

शिविर में उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के 52 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान अस्पताल की ओर से सभी प्रतिभागियों का बीपी, शुगर, वजन आदि की निःशुल्क जांच की गई। शिविर के समापन पर शारदा केयर हॉस्पिटल की ओर से सभी के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।

कार्यक्रम में अस्पताल की ओर से विनय कुमार (डीजीएम मार्केटिंग), अतुल कुमार सहित पूरी टीम उपस्थित रही। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत ने सफल आयोजन के लिए शारदा केयर हॉस्पिटल की समस्त टीम का आभार व्यक्त किया।