कल्याणी सम्मान 2023: विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कल्याणी सामाजिक संस्था द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 12 मार्च 2023 को गढ़वाल भवन नई दिल्ली में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम उन महिलाओं के सम्मान में है, जिन्होंने विकट परिस्थितियों से लड़़कर समाज में एक इतिहास रचा, जो लगातार अपने कार्यो से प्रेरणा बनी। देश व समाज के लिए, उसी मातृशक्ति में नई ऊर्जा प्रवाहित करने के लिए लगातार चौथी बार महिलाओं द्वारा इस सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ले अलावा विशिष्ट अतिथि होंगे।

मुख्य अतिथि: मीना राणा (सुप्रसिद्ध उत्तराखंडी लोक गायिका) ।

विशिष्ट अतिथि: लक्ष्मी रावत (संस्थापक – प्रज्ञा आर्ट्स, वरिष्ठ निर्देशक एवम् रंगकर्मी, शिक्षाविद, परामर्शदाता, कथाकार), पूनम सती (लोक गायिका), गीता उनियाल (अभिनेत्री – उत्तराखंड चित्रपट), रेशमा शाह (लोक गायिका) ।

इस बार निम्नलिखित महिलाऐं “कल्याणी सम्मान” के लिए चयनित हुई हैं।

  1. सुश्री कविता बिष्ट, रामनगर, जिला नैनीताल
  2. सुश्री भावना वर्मा, सदर बाजार, लैंसडाउन, जिला पौड़ी गढ़वाल
  3. सुश्री दीपा नगरकोटी (गायिका), गांव फरसाली, जिला बागेश्वर
  4. सुश्री सरिता नेगी, ग्राम- गांधीग्राम, घुड़दौड़ी, जिला-पौड़ी गढ़वाल
  5. सुश्री गीता गैरोला, न्यू लदाडी़ विकास भवन, ब्लॉक भटवाड़ी, जिला उत्तरकाशी
  6. सुश्री सुषमा बहुगुणा, ग्राम साबली, जिला टिहरी गढ़वाल
  7. सुश्री मधु खुगशाल, ग्राम बैगवाडी, जिला पौड़ी गढ़वाल
  8. सुश्री प्रियंका जोशी, ग्राम मल्ली बमोरी, जिला नैनीताल
  9. सुश्री पूनम कैंतुरा, ग्राम गिंवाली, पोखड़ा, जिला पौड़ी गड़वाल
  10. सुश्री महेश्वरी देवी, ग्राम थनूल, जिला पौड़ी गढ़वाल
  11. सुश्री ऋतु सिंह (कवियित्री), पौड़ी, जिला पौड़ी गढ़वाल

कल्याणी सामाजिक संस्था की अध्यक्षा बबीता नेगी का कहना है कि जब एक नारी बखूबी अपने कार्यों को मंजिल तक पहुँचाती है तो वो गुमनाम क्यों रहे, क्यों न उसे एक सम्मान का अधिकारी बना सशक्त किया जाए। यह हम जैसी महिलाओं के लिये गौरवपूर्ण क्षण हैं कि उन सभी मातृशक्ति को सम्मानित करें, जो आज अपने कार्यों द्वारा समाज में अपनी अलग पहचान बनाये हुए हैं।

वे आगे बताती हैं कि जैसा कि सब जानते हैं कि उत्तराखंड की भौगोलिक स्थिति कैसी है और बहुत बड़ा क्षेत्र बहुत दुर्गम है, फिर भी हमारी बहनें हर परिस्थिति का सामना करते हुए उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। अतः हमारा प्रयास है कि उत्तराखंड के हर कोने से हम ऐसी महिलाओं को सम्मानित करें। इस बार जो महिलाएं चयनित हुई हैं वे उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों से हैं जो सामाजिक, सांस्कृतिक व साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं।

जैसा कि हमारी संस्था का नाम ही “कल्याणी” है जो नारी शक्ति को एक शब्द में परिभाषित करता है। हमारा प्रयास है कि समाज कल्याण के लिए कार्य करने वाली हर उस महिला को सम्मान मिले जो इस ‘कल्याणी’ शब्द को सार्थक करती है। हम सम्मान प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं को मुबारकबाद देते हैं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।