ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश सरकार ने होली के अवसर पर राज्य में तीन दिन का आधिकारिक अवकाश घोषित किया है। प्रदेश में होली के अवसर पर 2, 3 और 4 मार्च को अवकाश रहेगा। योगी सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था के तहत शनिवार 28 फरवरी को वर्किंग डे घोषित किया है, जबकि कर्मचारियों को 3 मार्च 2026 का अतिरिक्त अवकाश दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश सरकार के ऑफिशियल कैलेंडर के अनुसार, राज्य में 2 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को रंग वाली होली के दिन छुट्टी निर्धारित है। अब यूपी सरकार ने 3 मार्च को भी छुट्टी घोषित कर दी है. इस तरह लगातार 4 दिन की छुट्टी मिल जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि 1 मार्च को रविवार है। तो ऐसे में एक से 4 तक की छुट्टी हो जाएगी।

इसके अलावा CM योगी ने त्योहार से पहले प्रशासन को कड़े निर्देश जारी किए हैं, जिससे लाखों कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। होली पर किसी भी कर्मचारी को आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े। इसके लिए सीएम योगी सभी विभागों को निर्देशित किया है कि सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन होली से पहले हर हाल में उनके बैंक खातों में पहुंच जाना चाहिए।

यह आदेश केवल नियमित कर्मचारियों के लिए ही नहीं, बल्कि संविदाकर्मी, आउटसोर्सिंग कर्मी और सफाईकर्मियों पर भी समान रूप से लागू होगा। सीएम ने दो-टूक कहा है कि वेतन भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।