दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में कल्याणी सामाजिक संस्था द्वारा दिल्ली के गढ़वाल भवन में “कल्याणी सम्मान समारोह-2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखंड के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की उन महिलाओं को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने कार्यों और प्रतिभा से समाज में प्रेरणादायक योगदान दिया है।
कल्याणी सामाजिक संस्था पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों की मातृ शक्तियों को सम्मानित करती आ रही है। संस्था का प्रयास रहता है कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में रह रही प्रतिभाशाली महिलाओं को भी मंच मिले और उनकी प्रतिभा को समाज में पहचान मिल सके, जिससे उनका मनोबल और आत्मविश्वास बढ़े।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पौड़ी की जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना बुटोला, ओएनजीसी की पूर्व निदेशक सुषमा रावत, सुप्रसिद्ध लोक गायिका नीलिमा मिश्रा तथा लेखिका एवं निर्देशक विदुषी निशंक उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजिका बबीता नेगी और उनकी टीम के अथक प्रयासों से किया गया।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 11 महिलाओं को “कल्याणी सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली महिलाओं में डॉ. मीना नेगी (उत्तरकाशी), डॉ. दीपा जोशी (नैनीताल), सुषमा रावत (पौड़ी), भारती सैनी (नैनीताल/अल्मोड़ा), लीला पयाल (चमोली), सरोजनी मैठाणी (रुद्रप्रयाग), डॉ. विमला (देहरादून), सावित्री नेगी (पौड़ी), सूमा रावत (पौड़ी), शिवानी गुप्ता (देहरादून) और सानिया राणा (पौड़ी) शामिल रहीं।
कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रवासी समाज की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही। उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने सम्मानित महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहलें महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ ही समाज में महिला सशक्तिकरण को भी मजबूत करती हैं।
पारंपरिक पहाड़ी रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक माहौल के बीच आयोजित कल्याणी सम्मान समारोह 2026 का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राजधानी दिल्ली में पहाड़ की प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित करना वास्तव में प्रेरणादायक कदम है।
जगमोहन डांगी पौड़ी



