ग्रेटर नोएडा : प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में 10 फरवरी को होने वाले मतदान को तीन दिन का समय बचा है। ऐसे में राजनीतिक सरगर्मी अपने पूरे चरम पर है। तोड़फोड़ की राजनीति शुरू हो गई है। मतदान का समय नजदीक आने पर भाजपा को बड़ा झटका लगा है। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा ने सपा-रालोद गठबंधन को समर्थन देने का ऐलान किया है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पीतांबर शर्मा ने रविवार को ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण महासभा सपा-रालोद गठबंधन को समर्थन देगी। प्रदेश के ब्राह्मण भाजपा सरकार के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार के पिछले 5 साल में बहुत ही कष्ट दायक रहे हैं, इसलिए ब्राह्मण समाज ने तय किया है कि अब वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश मे सपा-रालोद गठबंधन को समर्थन करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्ता में रहते परशुराम जयंती पर छुट्टी घोषित की थी, लेकिन भाजपा सरकार आते ही छुट्टी बंद कर दी गई। अखिलेश यादव ने आासन दिया है कि उनकी सरकार आते ही परशुराम जयंती पर दोबारा छुट्टी करेंगे और मंदिरों में रहने वाले पुराजियों को मानदेय देने की भी घोषणा की जाएगी। पीतांबर शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में ब्राह्मण को ही अपराधी बनाकर चुन- चुन कर मारा जा रहा है। अब तक 750 ब्राह्मण की हत्या इस सरकार में हुई है,जिसका बदला अब अपने मत को भाजपा के खिलाफ करके बदला पूरा करेंगे। इस मौके पर संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।