ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा शहर की सामाजिक संस्था उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के सदस्यों ने हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नववर्ष के अवसर पर समाज के वंचित वर्ग के लिए सेवा कार्य किया। नववर्ष के प्रथम दिवस पर समिति द्वारा सेक्टर चाई-3 में निर्माणाधीन इमारतों के आसपास निवास कर रहे मजदूरों एवं जरूरतमंद लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से कंबल एवं गर्म कपड़ों का वितरण किया गया।
इस सेवा अभियान के दौरान मजदूरों के बच्चों को बिस्किट भी वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान ने इस सेवा कार्य को और भी भावपूर्ण बना दिया।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति, ग्रेटर नोएडा पिछले 13–14 वर्षों से निरंतर निर्माणाधीन इमारतों में कार्यरत मजदूरों, निर्धन वर्ग एवं उनके बच्चों के लिए कंबल, गर्म कपड़े एवं स्टेशनरी वितरण जैसे जनकल्याणकारी कार्य करती आ रही है।
इसी क्रम में गुरुवार को समिति के सदस्य सेक्टर चाई-3 के समीप एकत्रित हुए और मजदूरों को कंबल, स्वेटर, जैकेट सहित अन्य गर्म वस्त्र वितरित किए, वहीं बच्चों को बिस्किट प्रदान किए गए।
समिति निरंतर सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। समिति के सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार के सेवा कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाई जा सके।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत, नत्थी सिंह पुंडीर, डी. ऐस नेगी, सतीश गैरोला, विनय थपलियाल, अशोक उपाध्याय, तारा दत्त शर्मा, गणेश चंद्र भट्ट, सुभाष मुंडेपी, कृष्णा पंत, सुरेंद्र सिंह रावत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



