Coronavirus update in Inida : भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की तेजी से बढती हुई रफ्तार ने चिंता बढ़ा दी है। कोरोना वायरस संक्रमण में मामलों ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 1.15 लाख से ज्यादा नए केस सामने आए हैं। बुधवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,15,736 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,28,01,785 पहुंच गई हैं। यही नहीं पिछले 24 घंटे में देश में 631 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद देशभर में अब तक कोरोना महामारी से मरने वालों की संख्या 1,66,208 पहुंच गई है। हालाँकि 24 घंटे में 59,856 मरीज स्वस्थ हुए हैं।
भारत में एक दिन में कोरोना संक्रमण की यह अब तक की सबसे ज्यादा संख्या है। यह दूसरी बार है जब कोरोना के मामले एक दिन में एक लाख के पार पहुंचे हैं। इससे पहले बीते 4 अप्रैल को एक दिन में संक्रमण के 1,03,558 नए मामले सामने आए थे। जिसके बाद अब देश में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 1,27,99,746 हो गए हैं। इसी के साथ देश में सक्रिय मामलों का आंकड़ा बढ़कर 8,43,779 हो गया है। हालाँकि एक समय ऐसा था जब देश में कोरोना संक्रमण की संख्या घटने लगी थी। इस साल 1 फरवरी को 8,635 नए कोरोना केस दर्ज किए गए थे। एक दिन में कोरोना मामलों की ये संख्या इस साल सबसे कम थी।
देश के पांच सबसे अधिक प्रभावित कोरोना संक्रमित राज्यों में महाराष्ट्र (31,13,354), केरल (11,37,590), कर्नाटक (10,20,434), आंध्र प्रदेश (9,09,002), और तमिलनाडु (9,03,479) हैं।
देशभर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली समेत 6 राज्यों में नाइट कर्फ्यू लगाया है।
- दिल्ली में नाइट कर्फ्यू- रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक (30 अप्रैल तक)
- महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू- रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक (शनिवार-रविवार)
- पंजाब में नाइट कर्फ्यू- रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक (9 शहरों में)
- राजस्थान में नाइट कर्फ्यू- रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक (10 शहरों में)
- ओडिशा में नाइट कर्फ्यू- रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक (10 जिलों में)
- गुजरात में नाइट कर्फ्यू- रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक (4 शहरों में)
यह भी पढ़ें:
उत्तराखंड : एक ही स्कूल के 7 छात्र और 5 शिक्षक हुए कोरोना संक्रमित, स्कूल में दहशत



