delhi-sultanpuri-kanjhawala-girl-dragged-case

Delhi Kanjhawala incident: दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके (कंझावाला) में शर्मसार करने वाली घटना के बाद गृह मंत्रालय ने सख्त रवैया अपनाया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर गृह मंत्रालय ने कंझावला कांड पर दिल्ली पुलिस कमिश्नर से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। दिल्ली पुलिस में विशेष आयुक्त शालिनी सिंह को विस्तृत रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंपने को कहा गया है।

बता दें कि देश की राजधानी में नए साल के पहले दिन एक ऐसी भयावह वारदात सामने आई, जिसे सुनकर पूरे देशवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस पूरी घटना पर तरह-तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। एक ओर मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है, वहीं इसे लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है। सोमवार को पूरे दिन भर राजधानी दिल्ली में सियासत गर्म रही। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना के आवास के बाहर प्रदर्शन किया।

सुल्तानपुरी में सोमवार को लोगों ने प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि पुलिस बलात्कार के मामले को दुर्घटना मानकर इस पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसे ‘दुर्लभतम अपराध’ करार दिया और घटना के जिम्मेदार लोगों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की। वहीं उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि इस ‘अमानवीय’ अपराध से उनका सिर शर्म से झुक गया है।

पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम के लिए एक मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। दिल्ली के विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने कहा कि मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों के खिलाफ, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर नए आरोप जोड़े जा सकते हैं। वहीं देर शाम कंझावला मामले में मृतक युवती का मौलाना आजाद अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया है।

क्या है कंझावाला की घटना

बता दें कि दिल्ली के कंझावला इलाके में 1 जनवरी की सुबह करीब 3:30 बजे कार सवार 5 युवकों ने 20 साल की एक युवती को टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भागने लगे। लड़की कार के नीचे फंसी रही और करीब 12 किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। पुलिस के मुताबिक, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपियों को रोहिणी कोर्ट में पेश किया गया।

कोर्ट ने पांचों आरोपियों मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, एक्सीडेंट के दौरान दीपक खन्ना कार को ड्राइव कर रहा था। पुलिस ने इन सभी पांचों आरोपियों की पांच दिनों की हिरासत मांगी थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि लड़की के साथ रेप साबित हो जाता है तो आरोपियों के खिलाफ बलात्कार का केस भी दर्ज होगा। फिलहाल पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर गैर इरादतन हत्या, लापरवाही से मौत और आपराधिक साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

स्कूटी के नंबर से लड़की की शिनाख्त

हालांकि, लड़की की जो फोटो सामने आई है, उसे कोई देख तक नहीं पाएगा। इसलिए हम फोटो नहीं दिखा सकते हैं। लड़की के शरीर से सारे कपड़े भी निकल गए थे। उसका पूरा शरीर क्षति-विक्षत हो गया था। दोनों पैर तक कट गए। लड़की एक इवेंट कंपनी में काम करती थी। घटना के समय रात में वह अपनी ड्यूटी से लौट रही थी। पुलिस ने बताया कि स्कूटी के नंबर से हमने लड़की को आइडेंटिफाई किया।

पुलिस ने सुबह दी परिवार को सूचना

31 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे अमन विहार निवासी लड़की घर से यह कहकर निकली थी कि उसे पार्टी (ईवेंट कंपनी) का कुछ काम है। रात 9 बजे लड़की ने घर फोन किया और कहा कि वह रात में वापस आएगी। परिवार का कहना है कि उन्होंने रात 10 बजे लड़की को फोन किया था, लेकिन फोन बंद था। दिल्ली पुलिस ने सुबह 8 बजे परिवार को दुर्घटना के बारे में बताया।

इस मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस-प्रशासन की परेशानी बढ़ा दी है। परिवार ने साफ कहा है कि जब तक पीएम रिपोर्ट नहीं मिल जाती है, तब तक वो लड़की की अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कल डीसीपी के बयान ने हमें तोड़ दिया था। उनको इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। दरसल शुरुआत में दिल्ली पुलिस इस मामले को एक एक्सीडेंट बताकर पल्ला झाड़ रही थी। हालाँकि अब पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने की बात कह रही है। दिल्ली के पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा ने कहा कि हम इस मामले में ऐसी सख्त कार्रवाई करेंगे, जिससे भविष्य में होने वाली ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।