ग्रेटर नोएडा : गौतमबुद्ध नगर के स्थानीय किसानों को शिक्षण संस्थानों व अस्पतालों में छूट दिए जाने की मांग को लेकर सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पैदल मार्च किया। कार्यकर्ताओं ने हल्ला बोल प्रदर्शन कर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी को ज्ञापन सौंपा। मांग पूरी न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी दी है। करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक प्रवीण भारतीय का कहना है कि यहां स्थित शिक्षण संस्थानों एवं अस्पतालों को इस शर्त पर सस्ते दामों पर जमीन दी थी कि स्थानीय किसानों एवं शहर के लोगों को शिक्षा व चिकित्सा सुविधाएं सस्ते दामों पर एवं निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। लेकिन अस्पताल एवं शिक्षण संस्थानों ने पिछले ढाई दशकों से लोगों को कोई लाभ नहीं दिया। इसको लेकर लोगों में रोष है। इस मुद्दे को प्राधिकरण अधिकारियों के सामने रखा गया, लेकिन स्थानीय निवासियों को लाभ नहीं मिला।  उनका कहना है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा सैकड़ों शिक्षण संस्थानों एवं अस्पतालों को भूखंड सस्ते दरों पर जमीन आवंटित की गई है। शिक्षण संस्थानों व अस्पताल प्रबंधन द्वारा लगातार शर्तों का उलंघन किया जा रहा है, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि लीज डीड के अनुसार प्रत्येक अस्पताल में 2 घंटे सुबह व 2 घंटे शाम लोगों के लिए ओपीडी फ्री रखनी होनी चाहिए। प्रत्येक स्कूल को स्थानीय किसानों के बच्चों के लिए ट्यूशन फीस में 25 फीसद छूट मिलनी चाहिए एवं सालाना फीस के नाम पर कोई भी अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए। इस संबंध में संगठन के द्वारा कई बार ज्ञापन देकर लीज डीड के अनुसार सभी शर्तों को मनवाने की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं हुई है। शिक्षण संस्थान व अस्पताल प्रबंधन की तानाशाही एवं प्राधिकरण के अधिकारियों की लापरवाही को देखते हुए संगठन एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में काफी रोष व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है यदि मांग पूरी नहीं हुई तो भूख हड़ताल की जाएगी।

इस मौके पर संजय चेची, आलोक नागर, शिवकुमार कसाना, प्रेमराज भाटी, चौधरी प्रेम प्रधान, प्रो. दीपक शर्मा, राकेश नागर, रविंद्र भाटी पल्ला, धर्मेंद्र भाटी, जीत सिंह बैसोया, विकल भाटी, पंकज खारी, नवीन भाटी, देवेंद्र नागर, हरेंद्र कसाना, किरणपाल बैंसला, नीरज भाटी, नफीस अहमद, रिंकू बैंसला, अजय नागर, निशांत तिवारी, कुलबीर भाटी, जितेंद्र भाटी, मनीष कसाना, ललित भाटी, रॉबिन मंडार आदि लोग मौजूद रहे।