Drunk Audi driver runs over five people sleeping on footpath in Delhi

Drunk Audi driver crushed 5 people: देश की राजधानी दिल्ली के वसंत विहार इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शिवा कैंप के पास फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने कुचल दिया। हादसे में एक आठ साल की बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए हैं। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

यह घटना रात करीब 1:45 बजे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुई, जिसमें पुलिस ने अब आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर उसकी सफेद ऑडी कार भी जफ्त कर ली है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय उत्सव शेखर के रूप में हुई है, जो द्वारका का रहने वाला है। वह नोएडा से द्वारका लौट रहा था और इस दौरान नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि हादसे के समय आरोपी शराब के नशे में था।

इस हादसे में घायल हुए लाधी (40), उनकी बेटी बिमला (8), पति साबामी उर्फ चिरमा (45), राम चंदर (45) और उसकी पत्नी नारायणी (35) को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार देर रात करीब 1.45 बजे हुई थी। घायल होने वाले दोनों परिवार के सदस्य मूलत: राजस्थान के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं। घायल साबामी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय सभी फुटपाथ पर सो रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की कार ने उन्हें कुचल दिया। घटना के बाद चालक कार समेत भाग गया। इसी दौरान एक शख्स उनके पास आया और कागज पर कार नंबर दिया।

इसी बीच घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच के दौरान ही पुलिस को पता चला कि एक ऑडी कार ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। मौके पर पहुंची पुलिस को कार नंबर के जरिए पता चला कि यह वही कार है, जिसने फुटपाथ पर लोगों को कुचला है, पुलिस ने कार चालक को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

कैसे हुआ हादसा?

घटना की चश्मदीद एक महिला के मुताबिक, करीब 15 लोग फुटपाथ पर सो रहे थे, तभी एक सफेद रंग की ऑडी कार तेज रफ्तार से आई और सो रहे लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश करता है, लेकिन आगे जाकर एक ट्रक से टकरा जाता है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।