नई दिल्ली: उत्तराखंड त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 में विजयी गढ़वाल हितैषिणी सभा दिल्ली के आजीवन सदस्यों के सम्मान में रविवार को गढ़वाल सदन, कड़कड़डूमा भवन में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सभा के वरिष्ठ सदस्य सर्वेश्वर बिष्ट एवं उनकी टीम द्वारा रामभजन एवं उत्तराखंडी सांस्कृतिक गीतों से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग में रंग दिया।

इस अवसर पर सभा के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों—रोशनी चमोली (क्षेत्र पंचायत सदस्य), दीप प्रकाश भट्ट, रविन्द्र सिंह बिष्ट, युद्धवीर सिंह रावत, धर्म सिंह अधिकारी, शिव सिंह राणा तथा जयानन्द ध्यानी (ग्राम प्रधान) का माल्यार्पण व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत व सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लाखीराम डबराल ने की, जबकि गढ़वाल हितैषिणी सभा के पूर्व अध्यक्ष अजय सिंह बिष्ट, दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय शर्मा दरमोडा, रणवीर पुंडीर, राजेश्वर पैनुली, निर्मल धनोला, अर्जुन सिंह राणा, गढ़वाल सदन अध्यक्ष विनोद नौटियाल, अधिवक्ता राकेश बिंजोला, सुभाष गुसाई सहित कई गणमान्य व्यक्तित्वों ने अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, महिला शक्ति तथा बुद्धिजीवी वर्ग की उपस्थिति रही। वक्ताओं ने दिल्ली व एनसीआर में उत्तराखंड की सामाजिक-सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने तथा प्रवासी उत्तराखंडियों की समस्याओं के समाधान में सभी संस्थाओं की भागीदारी पर जोर दिया।

यह आयोजन सार्वभौमिक सोशल कल्चरल चैरिटेबल ट्रस्ट दिल्ली एवं मां ज्वाल्पा देवी शारदीय नवरात्र महोत्सव समिति दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। समारोह में सभी उपस्थित जनों ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।