नोएडा महाकौथिग: दिल्ली-एनसीआर का सबसे बड़ा उत्तराखंडी मेला (15वाँ महाकौथिग) आगामी 19 दिसंबर (शुक्रवार) से नोएडा स्टेडियम में शुरू होने जा रहा है। 19 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक चलने वाले 7 दिवसीय महाकौथिग मेले की तैयारियां जोरों पर हैं. रविवार को प्रातः 10 बजे नोएडा स्टेडियम में मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान व कल्पना चौहान एवं समस्त महाकौथिग की टीम की उपस्थिति में 15वें महाकौथिग मेले के आयोजन हेतु विधिविधान पूर्वक भूमि पूजन संपन्न किया।

भूमि पूजन के बाद महाकौथिग मेले की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। बैठक में 7 दिवसीय महाकौथिग कार्यक्रम की रूपरेखा व कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा हुई। बड़ी संख्या में दिल्ली एनसीआर के प्रवासी उत्तराखंडी समाज की मौजूदगी रही। लोकगायिका कल्पना चौहान सहित समाज के गणमान्य अतिथियों ने भूमि पूजन में शामिल हो कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। टीम पूरी तरह से तैयार है और जोरशोर से तैयारियों में जुटी है।

मुख्य संयोजक राजेन्द्र चौहान ने बताया कि नोएडा स्टेडियम भव्य आयोजन के लिए पूरी तरह से तैयार है। दर्शकों की भारी मांग पर इस बार मेले को दो दिन और बढ़ा दिया गया है. अब एक हफ्ते का मेला लगेगा जिसमें उत्तराखंड की कला संस्कृति एव हस्तशिल्प मेला का संगम देखने को मिलेगा।

इस बार के महाकौथिग मंच का स्वरूप उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम के मंदिर की थीम पर आधारित होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, रीति रिवाज, औद्योगिक विकास एवं धार्मिक परंपराओं व प्रगति का अद्भुत संगम एक ही जगह, नोएडा स्टेडियम मे देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि गत वर्ष दर्शकों की अपार भीड़ को ध्यान में रखते हुए इस आयोजन स्थल का एरिया और अधिक बड़ा किया गया है। हर साल की तरह इस बार भी मेले में उत्तराखंडी उत्पादों, आभूषणों एवं खानपान के स्टॉल लगे रहेंगे।

नोएडा स्टेडियम में 7 दिनों तक उत्तराखंड के लोक गायकों द्वारा सुंदर सुंदर प्रस्तुतियों से पहाड़ों का रंग देखने को मिलेगा और मेले में पहाड़ी उत्पादों के साथ-साथ आभूषण, खान पान सहित अन्य समान भी देखने को मिलेगे।

इस अवसर पर मुख्य संयोजक राजेंद्र चौहान, स्वरकोकिला कल्पना चौहान, चेयरमैन आदित्य घिल्डियाल, अध्यक्ष हरीश असवाल, महासचिव देवेंद्र सिंह रावत, संयोजिका इंद्रा चौधरी, उपाध्यक्ष रेखा रावत, आरपी घिल्डियाल, लक्ष्मण रावत, मीडिया प्रभारी रजनी ढौंडियाल जोशी सहित महाकौथिग की समस्त टीम उपस्थित रही।