heavy-rail-in-delhi-ncr

Delhi-NCR News: देश की राजधानी में मानसून पहुँच चुका है। पहले ही दिल्ली में मौसम विभाग के अनुमान से ज्यादा बारिश हो चुकी है। अब भारतीय मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिल्ली-चंडीगढ़ और हरियाणा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36.07 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 30.05 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में कल शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 30.34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड दर्ज हुआ।

88 सालों में इस साल जून में हुई सर्वाधिक बारिश

दिल्ली-एनसीआर में बृहस्पतिवार देर रात से शुरू हुई बारिश ने 88 साल का रिकार्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार सुबह 8.30 बजे तक दिल्ली में 228 मिमी बारिश हुई है। यह 1936 के बाद जून महीने में 24 घंटे में हुई सबसे ज्यादा बारिश है। उस साल 28 जून को 235.5 मिमी बारिश हुई थी। दिल्ली में जून के पूरे महीने में औसतन 80.6 मिमी बारिश होती है। पिछले 24 घंटे में ही उससे लगभग तीन गुना बारिश होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है।

मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि मानसून की हवाएं पश्चिमी विक्षोभ के कुछ हिस्सों के साथ टकराईं, जिससे दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश हुई। कुछ वैज्ञानिकों का मानना है कि उत्तरी दिल्ली में आंधी-तूफान के कारण हो सकता है कि मूसलाधार बारिश हुई। 26 जून को, आईएमडी ने 28 जून को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया था।

तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिकों ने दिल्ली-चंडीगढ़ और हरियाणा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 1 जुलाई तक इन तीनों राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में 64.5 (भारी) से 204.4 मिलीमीटर (बहुत भारी) बारिश होने की संभावना है। शुक्रवार को हुई भारी बारिश के चलते दिल्ली के कई हिस्सों में जलजमाव की समस्या बनी हुई है। इस बीच और बारिश होने पर दिल्ली के लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

मौसम विभाग ने दिल्ली सहित 23 राज्यों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और अरुणाचल प्रदेश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को दिल्ली के शपदरगंज में सबसे ज्यादा बारिश हुई थी और सबसे ज्यादा जल भराव के हालात भी यहीं हैं।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को बारिश के बाद दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से भले ही राहत मिली, लेकिन सड़कों पर जगह-जगह जलभराव और वर्षाजनित हादसों से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। शुक्रवार सुबह  इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा ढह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और छह अन्य लोग घायल हो गए थे। मृतक की पहचान रोहिणी के रहने वाले रमेश कुमार के रूप में हुई। घायल संतोष कुमार यादव, शुभम शाहू, दशरत अहिरवार, अरविद गोस्वामी, साहिल कुंदन और योगेश धवन को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीँ दिल्ली के वसंत विहार में वसंत विहार इलाके में एक निर्माणाधीन दीवार के गिर जाने के बाद तीन मजदूर  उसके नीचे दब गए। भारी बारिश के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसा तब हुआ जब निर्माण अधीन कंस्ट्रक्शन साइट पर सो रहे मजदूर रात में भूस्खलन होने की वजह से निर्माणाधीन बेसमेंट के पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे, जिसके बाद दिल्ली पुलिस एनडीआरफ दमकल विभाग और कई अन्य विभागों के द्वारा उनको ढूंढने का सर्च ऑपरेशन चलाया गया। 23 घंटे बाद शनिवार को रेस्क्यू ऑपरेशन में तीनों मजदूरों के शव निकाले गए। पहले दो के शव निकाले गए थे। एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडर अजीत कुमार ने बताया कि तीसरे मजदूर का शव भी बरामद कर लिया गया है। यह सर्च ऑपरेशन 23 घंटे चला।