Noida Flower Show: नोएडा के शिवालिक पार्क में आज से 38वें फ्लावर शो का भव्य शुभारंभ हो गया है। 19 से 22 फरवरी तक आयोजित चार दिवसीय प्रदर्शनी में 120 प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूलों को रखा गया है। गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ने गुरूवार को फ्लावर शो की शुरुआत की। खास बात यह है कि इस प्रदर्शनी में प्रवेश पूरी तरह से निशुल्क रखा गया है। ऐसे में जो फूलों के शौकीन हैं। वह इस प्रदर्शनी में पहुंचकर फूलों का लुफ्त उठा सकते हैं।
38वें फ्लावर शो में आकर्षण का केंद्र 20 क्विंटल फूलों से बनाया गया 40 फीट ऊंचा और 30 फीट चौड़ा केदारनाथ मंदिर है। रंग-बिरंगे फूलों से सजे इस मंदिर को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शो का मुख्य द्वार भी केदारनाथ थीम पर है। ये 22 फीट लंबा और करीब 25 फीट ऊंचा है। इसके अलावा मंदिर परिसर में फूलों से बना शिवलिंग और 20 फीट ऊंचा त्रिशूल भी दर्शकों को आकर्षित कर रहा है। इतना ही नहीं फूलों द्वारा बनाए गए जीव और जंतु भी बच्चों को खूब पसंद आ रहे हैं। विशाल हाथी की आकृति भी इसमें तैयार की गई है, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
फ्लोर शो में पहुंचने वाले लोग केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति के साथ जमकर फोटो और सेल्फी ले रहे हैं। परिवार के साथ आए लोग इस खूबसूरत सजावट का आनंद उठा रहे हैं। खासकर युवा वर्ग और बच्चे मंदिर और फूलों से बनी आकृतियों के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। पूरे पार्क को आकर्षक लाइटिंग और सजावटी पौधों से सजाया गया है।
वाहनों के लिए पार्किंग चार्ज वाहनों के लिए पार्क के बाहर मुख्य सड़क पर पार्किंग बनाई गई है। यहां कार के लिए प्रति दो घंटे के लिए 20 रुपए और टू व्हीलर के लिए 10 रुपए रखे गए है। दो घंटे बाद प्रतिघंटा एडिशनल कार के लिए 10 रुपए और पांच रुपए लगाया जाएगा।



