sahil sarfraz murdered gilr in delhi

नयी दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घटना उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके की है। जहाँ एक 16 वर्षीय लड़की की कथित तौर पर उसके बॉयफ्रेंड ने 20 से अधिक बार चाकू मारने के बाद बड़े पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना रविवार रात करीब पौने नौ बजे की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हो रहा है।

आरोपी की पहचान साहिल (20) के रूप में हुई है। जिसने घनी आबादी वाले इलाके की एक व्यस्त सड़क पर लड़की पर कथित तौर पर पत्थर से वार करने से पहले चाकू से 20 से अधिक बार वार किया। पुलिस ने बताया कि साहिल को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी साहिल फ्रिज और एसी ठीक करने का काम करता है, उसे हत्या के जुर्म में गिरफ्तार किया गया है।

रविवार देर शाम हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। फुटेज में नीले रंग की टी-शर्ट पहने साहिल लड़की को चाकू मारते हुए देखा जा सकता है। घटनास्थल पर करीब सात से आठ तमाशबीन मौजूद हैं। एक आदमी बीच-बचाव करने की कोशिश करता है, लेकिन साहिल उसे धक्का दे देता है। फिर वह लड़की को छुरा घोंपना जारी रखता है, साथ ही आसपास खड़े लोगों को धमकियां भी देता है, उन्हें जाने के लिए कहता है। छुरा घोंपने के बाद साहिल ने पीड़िता को कई बार लात मारी और फिर उस पर कई बार बड़े पत्थर से हमला किया। इसके बाद वह थोड़ी देर के लिए वहां से चला जाता है लेकिन कुछ ही देर बाद लौट आता है। वह लड़की को एक बार फिर पत्थर से मारता है। उसे कई बार लात मारता है और फिर चला जाता है। इस घटना का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है उसे देखकर हर कोई यह कह रहा कि आखिर कोई ऐसे कैसे कर सकता है। मृतिका की मां का रो रोकर बुरा हाल है और उसने साहिल को फांसी देने की मांग की है।

पुलिस सूत्रों ने कहा कि हत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि शाहबाद डेरी की जेजे कॉलोनी निवासी लड़की का शव सड़क पर पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार लड़की रविवार रात सड़क से गुजर रही थी और लड़के ने उसे रोककर उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने चाकू से कई बार वार किया।

पुलिस के मुताबिक लड़के और लड़की के बीच संबंध थे और शनिवार को उनके बीच झगड़ा हुआ था। बताया कि रविवार को लड़की ने अपनी सहेली के बेटे के जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रही थी कि तभी लड़के ने रास्ते में उसे रोककर बार-बार उस पर चाकू से वार किया तथा फिर पत्थर से भी हमला किया। मृतका के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर शाहबाद डेरी थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पुलिस की आलोचना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस या कानून से ’कोई नहीं डरता’। मालीवाल ने कहा, ’16 साल की लड़की का क्या कसूर था कि उसे सड़क पर बेरहमी से मार डाला गया? दिल्ली में पुलिस और कानून से कोई नहीं डरता। अगर इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो क्रूरता की कोई सीमा नहीं होगी।’

आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भी उपराज्यपाल की आलोचना की और कहा कि संविधान ने उन्हें केंद्रशासित प्रदेश के ‘‘लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी‘‘ दी है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं एलजी (उपराज्यपाल) को याद दिलाना चाहती हूं कि संविधान ने उन्हें दिल्ली के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी है। लेकिन वह अपना सारा समय अरविंद केजरीवाल के काम को रोकने में लगाते हैं। मैं एलजी से हाथ जोड़कर प्रार्थना करती हूं कि दिल्ली की महिलाओं की सुरक्षा पर ध्यान दें, क्योंकि वे यहां बिलकुल भी सुरक्षित नहीं हैं।’’