LPG again became expensive

LPG Cylinder Prices Increased: त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड में विधानसभा चुनाव के बाद घरेलू एलपीजी और कमर्शियल सिलेंडरों के दामों में एक साथ बढ़ोतरी की गई है। ‌मार्च के पहले दिन यानी बुधवार से घरेलू एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है। 14.2 किग्रा वाला घरेलू सिलेंडर के दाम 50 रुपए बढ़ गए हैं। वहीं, 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के रेट में 350.50 रुपये का इजाफा किया गया है।

दिल्ली में 19 किग्रा वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 2119.50 रुपए का मिलेगा, जबकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1103 रुपए का हो गया। बढ़े हुए दाम एक मार्च से ही लागू होंगे। घरेलू सिलेंडर की कीमतें 8 महीने बाद बढ़ाई गई हैं। इससे पहले 6 जुलाई को 2022 को दाम बढ़ाए गए थे।

बता दें कि दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत पहले 1053 रुपए थी। लेकिन नई कीमत लागू होने के बाद अब एक सिलेंडर 1103 रुपए में मिलेगा। जबकि मुंबई में 1052.50 रुपए में मिलने वाला घरेलू गैस सिलेंडर 1102.50 रुपए में मिलेगा। कोलकाता में सिलेंडर की कीमत 1079 रुपए से बढ़कर 1129 रुपए हो गई है। चेन्नई में भी घरेलू गैस सिलेंडर महंगा हो गया है। इस शहर में पहले 1068.50 रुपए में घरेलू गैस सिलेंडर मिलता था, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर 1118.50 रुपए हो गई है। वहीं कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है।

दिल्ली में पहले कमर्शियल एलपीजी की कीमत 1769 रुपए थी। नई कीमत लागू होने के बाद एक सिलेंडर 2119.50 रुपए में मिलेगा। जबकि मुंबई में 1721 रुपए का मिलने वाला कमर्शियल सिलेंडर 2071.50 रुपए में मिलेगा। कोलकाता में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ गई है। 1869 रुपए में मिलने वाले सिलेंडर की कीमत 2219.50 रुपए हो गई है। जबकि चेन्नई में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2267.50 रुपए हो गई है।