delhi-murder-case

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के महरौली से एक खौफनाक घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक महरौली में एक व्यक्ति ने अपने तीन मासूम बच्चों और पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी है। अपने ही परिवार की हत्या करने वाले इस शख्स का नाम उपेन्द्र शुक्ला बताया जा रहा है। हत्यारोपी उपेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या की वजह फिलहाल पता नहीं चल पाई है। हालाँकि कि उपेंद्र अपने आप को डिप्रेशन में बता रहा है।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली के महरौली में अपनी पत्नी व तीन बच्चों के साथ रह रहा 42 वर्षीय उपेंद्र शुक्ला ट्यूशन पढ़ाकर अपने घर का खर्च चलाता है। बताया जा रहा है कि उपेंद्र लंबे समय से डिप्रेशन में था और इसी के चलते उसने शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे अपनी पत्नी अर्चना शुक्ला और तीनों बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी। बच्चों की उम्र क्रमश: 6 साल,  5 साल और 2 महीने बताई जा रही है।

हत्या करने के बाद आरोपी ने एक नोट लिखा जिसमें उसने अपने पूरे परिवार की हत्या करने की बात कबूली है। बताया जा रहा है कि उसी घर मे आरोपी की सास भी रहती हैं। उन्होंने देखा कि सुबह उपेंद्र ने काफी देर तक दरवाजा नही खोला तो उन्होंने पड़ोसियों को कहा। जिसके बाद पड़ोसियों ने 100 नंबर काल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।