भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने हाहाकार मचा रखा है। यहाँ कोरोना संक्रमण के हर रोज रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। साथ ही इस बीमारी से मरने वालों के आंकड़े भी हर रोज बढ़ते जा रहे हैं। बीते एक दिन में कोरोना संक्रमण के अब तक के सर्वाधिक 2.95 लाख से अधिक नए मामले आए हैं और इस दौरान 2 हजार से अधिक लोगों की जान गई है। ज्यादातर नए मामले 10 राज्यों में ही पाए गए हैं। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में संक्रमण की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है। सबसे ज्यादा इन्हीं राज्यों में नए मामले पाए गए हैं।
कोरोना की बेकाबू रफ़्तार के बीच राजधानी दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में लगातार नए मरीजों के मिलने से कोविड हॉस्पिटल भर चुके हैं। हालत यह है कि गंभीर मरीजों के लिए जगह खाली नहीं है। मरीज एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल का चक्कर इस आस में लगा रहे हैं कि कहीं उसे बेड मिल जाए, पर ऐसा नहीं हो रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से रिकॉर्ड 2023 लोगों की मौत हुई है और 2 लाख 95 हजार से अधिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,56,16,130 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 21,57,538 है और कुल ठीक हुए मरीजों की संख्या 1,32,76,039 पहुंच गई है।
देश के इन 6 राज्यों में 60 प्रतिशत संक्रमित
संक्रमण के 60 फीसदी मामले छह राज्यों में मिले हैं। इस दौरान महाराष्ट्र में सर्वाधिक 62,097 नए संक्रमित मिले। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 29574, दिल्ली में 28395, कर्नाटक में 21794, केरल में 19577 और छत्तीसगढ़ में 15625 नए कोरोना मरीज मिले।
77 प्रतिशत मौतें इन आठ राज्यों में
77 फीसदी मौतें केवल आठ राज्यों में हुई हैं। देश में 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 519 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है। इसके बाद दिल्ली में 277, छत्तीसगढ़ में 191, यूपी में 162, गुजरात 121, कर्नाटक में 149, पंजाब में 60 और मध्य प्रदेश में 77 लोगों की मौत हुई। इन आठ राज्यों में कुल 1556 मौतें कुल हुई 2020 मौतों का 77.02 फीसदी है।