New government formed in Delhi, Chief Minister Rekha Gupta took oath

Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली में 27 साल के लंबे इंतजार के बाद एकबार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बन गई है। पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वे दिल्ली की 9वीं और चौथी महिला सीएम बन गई हैं। वह सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। रेखा गुप्ता के साथ परवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। इसके अलावा, अशोक सूद, पंकज कुमार सिंह और रविंद्र इंद्राज सिंह ने भी नई भाजपा सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। उप राज्यपाल विनय सक्सेना ने मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शालीमार बाग से चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता को कल बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया था।

नई मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य रूप से आयोजित किया गया, इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह के अलावा बीजेपी शासित 21 राज्यों के सीएम, डिप्टी सीएम समेत कई अन्य गणमान्य हस्तियां शामिल हुईं।

दिल्ली कैबिनेट में शामिल छह मंत्रियों के बारे में

प्रवेश वर्मा

दिल्ली की राजनीति में एक प्रमुख जाट चेहरा, परवेश साहिब सिंह वर्मा ने हाल ही में नई दिल्ली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल को 4,089 वोटों के अंतर से हराकर बड़ी जीत हासिल की। इस प्रदर्शन के बाद उन्हें “जायंट किलर” कहा जाने लगा। भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल किया, जिसके बाद वर्मा को मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल किया गया। इससे पहले, वह 2014 से 2024 तक पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं।

कपिल मिश्रा

भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में करावल नगर सीट से जीत दर्ज की। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार मनोज कुमार त्यागी को 23,355 वोटों के अंतर से हराया। कपिल मिश्रा इससे पहले 2015 में आप के टिकट पर इसी सीट से विधायक बने थे। जीत के बाद उन्हें अरविंद केजरीवाल सरकार में जल संसाधन मंत्री बनाया गया, लेकिन बाद में उन्होंने अपने तत्कालीन सहयोगी सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, जिसके चलते उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया। इसके बाद, 2020 के विधानसभा चुनाव में मिश्रा ने बीजेपी के टिकट पर मॉडल टाउन सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें आप के उम्मीदवार अखिलेश पति त्रिपाठी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

आशीष सूद

दिल्ली की राजनीति के कद्दावर नेता आशीष सूद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में भी प्रमुख चेहरा माने जा रहे थे। उन्होंने जनकपुरी सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी प्रवीन कुमार को 18,766 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। सूद भारतीय जनता पार्टी के जम्मू-कश्मीर मामलों के सह-प्रभारी भी हैं।

मनजिंदर सिंह रिरसा

दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मंजींदर सिंह सिरसा ने राजौरी गार्डन सीट पर जीत दर्ज कर वापसी की है। सिरसा ने आम आदमी पार्टी (AAP) की उम्मीदवार धनवती चंदेला को 18,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया। इससे पहले वह 2017 में हुए उपचुनाव में भी इस सीट से विधायक चुने गए थे। हालांकि, 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्हें AAP की चंदेला के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

रविंदर इन्द्राज सिंह

दिल्ली बीजेपी के दलित चेहरे रविंद्र इंद्राज सिंह ने बावाना विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) के जय भगवान उपकार को 31,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया। रविंद्र इंद्राज सिंह बीजेपी के एससी मोर्चा के सदस्य हैं और लंबे समय से दलित समुदाय के लिए काम कर रहे हैं।

पंकज कुमार सिंह

पूर्व नगर निगम (MCD) पार्षद राजा मोहन सिंह के बेटे पंकज कुमार सिंह ने पहली बार विधानसभा चुनाव जीता है। विकलांगता के क्षेत्र में काम करने वाले एक डेंटिस्ट के रूप में पहचान बनाने वाले सिंह ने MCD में कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। विकासपुरी विधानसभा सीट से उन्होंने आम आदमी पार्टी के महिंदर यादव को करीब 13,000 वोटों से हराकर जीत हासिल की।

 कितने पढ़े लिखे हैं दिल्ली सरकार के नए नवेले मंत्री?

रेखा गुप्ता सरकार के दो मंत्री परास्नातक, दो स्नातक, दो पेशेवर स्नातक हैं। वहीं, मनजिंदर सिंह सिरसा कैबिनेट में सबसे कम पढ़े-लिखे मंत्री हैं। सिरसा 12वीं पास हैं। दो स्नातक मंत्रियों में जनकपुरी से जीते आशीष सूद और बवाना से जीते रविंद्र इंद्रराज सिंह शामिल हैं। रविंद्र इंद्रराज सिंह ने बीए किया है, वहीं आशीष सूद के पास बीकॉम की डिग्री है। पेशेवर स्नातक मंत्रियों में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और विकासपुरी से जीते पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। पेशे से डेंटिस्ट पंकज के पास बीडीएस की डिग्री है। वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मेरठ की चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से एलएलबी की है। नई दिल्ली सीट पर अरविंद केजीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा और करावल नगर से जीते कपिल मिश्रा सबसे पढ़े लिखे मंत्री हैं। कपिल मिश्रा के पास एमए सोशल वर्क की डिग्री है। वहीं, प्रवेश वर्मा ने एमबीए किया है।

नई सरकार में कितने मंत्रियों पर अपराधिक मामले चल रहे हैं?

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के ऊपर कोई भी आपराधिक मामला नहीं चल रहा है। रेखा गुप्ता कैबिनेट की बात करें तो रेखा गुप्ता और एक अन्य मंत्री को छोड़कर अन्य सभी पर कम से कम एक मामला चल रहा है। रेखा गुप्ता के साथ ही रविंद्र इंद्रराज सिंह भी ऐसे मंत्री हैं जिन पर कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। प्रवेश वर्मा, आशीष सूद और पंकज कुमार सिंह पर एक-एक मामले चल रहे हैं। कपिल मिश्रा के ऊपर तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, मनजिंदर सिंह सिरसा के ऊपर पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जानिए दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता के बारे में

  • नाम: रेखा गुप्ता
  • जन्म: 19 जुलाई 1974
  • जन्म स्थान: हरियाणा
  • शिक्षा: डीयू के दौलतराम कॉलेज से 1995 में बीकॉम
  • बेटी – विदेश में नौकरी कर रही है, बेटा पढ़ाई कर रहा है
  • स्वयं का व्यवसाय: शादियों में उपहार जो दिए जाते हैं उसकी पैकिंग का कार्य करने से शुरुआत की थी
  • पति : मनीष गुप्ता पति: बीमा का काम करते हैं

संघ से सबंध: इनके पति शाखा में मुख्य शिक्षक रहे हैं। साथ ही कई दायित्व का निर्वहण किया रेखा गुप्ता के राजनीतिक दायित्व भाजपा की महिला मोर्चा में पहली राष्ट्रीय मंत्री थी वर्तमान में महिला मोर्चा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं सतीश उपाध्याय जब प्रदेश अध्यक्ष थे तब उनके साथ वह प्रदेश महामंत्री थी।

  • 2015 में पहला विधानसभा चुनाव लड़ीं, लेकिन 10,978 वोट से हार गईं
  • 2020 में वह दूसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ीं, लेकिन 3,440 वोट से फिर हार मिली
  • 2025 में वह विधानसभा का तीसरा चुनाव लड़ी और 29,595 वोटों से जीतीं