प्रसिद्ध पर्यावरणविद् पद्मभूषण डॉक्टर अनिल प्रकाश जोशी की साइकिल यात्रा ‘प्रगति से प्रकृति पर’ 34वें दिन दिल्ली से लगभग 25 किलोमीटर की यात्रा के बाद 4 नवंबर 2022 को वसुंधरा, सेक्टर-5, गाजियाबाद पहुंची। इस अवसर पर माउंटेन पीपुल फाउंडेशन एवं उत्तराखंड समाज ने पुष्प गुच्छों एवं मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम का आरंभ माउंटेन पीपुल फाउंडेशन के बच्चों की एक आकर्षक प्रस्तुति से किया। जिसमें स्वयं को स्वस्थ रखने के लिए शंख ध्वनि, वैदिक मंत्र उच्चारण, योग तथा ध्यान के महत्व को दर्शाया गया। संस्था की अध्यक्ष सरोज पंत ने डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के जीवन का परिचय देते हुए एवं प्रकृति से जुड़े उनके विभिन्न कार्यों तथा प्रयोगों का जिक्र करते हुए कहा कि हम स्वयं प्रकृति हैं। हम प्रकृति से अलग नहीं हैं और इस प्रकार की यात्राएं प्रकृति से जुड़ी तमाम समस्याओं पर बातचीत करने एवं उनका समाधान खोजने की दिशा में का एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में अनेक संगठन एवं संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान वसुंधरा के निवासियों से संवाद कार्यक्रम में डॉ अनिल प्रकाश जोशी ने अपनी यात्रा के उद्देश्यों को बताया। आईपीसीसी की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा की आज परिस्थितियों के बदलने से पर्यावरण काफी बदल गया है। आने वाले समय में मौसम के बदलाव इस प्रकार होंगे कि हमें गर्मी या सर्दी के मौसम के बारे में पता नहीं चलेगा और यह गंभीर स्थिति होगी। इसके लिए हम सबको प्रकृति संरक्षण के विषय में बहुत ही गंभीरता से विचार करने और कार्य करने की आवश्यकता है।

उन्होंने प्रगति और प्रकृति दोनों में समन्वय का नारा लगाया। प्रगति के नाम पर प्रकृति का शोषण या विनाश जैसी स्थितियां पैदा नहीं होनी चाहिए। इसका हमें विशेष ध्यान रखना है। डॉक्टर जोशी जी ने कहा यदि प्रकृति को कोई जान पाया है तो वह इस देश की महिलाएं ही हैं क्योंकि अगर आप घर के अंदर देखें तो घर के काम हो या खेती बाड़ी का काम हो उसमें महिलाएं ही अग्रणी है। उन्होंने कहा कि गांव में जो महिलाएं हैं वे प्रकृति को बचा सकती हैं। अब समय आ गया है कि हमें प्रकृति को बचाने के लिए प्रयास युद्ध स्तर पर करने होंगे इसलिए हमें अपनी परंपराओं को समझने, सहेजने और आने वाली पीढ़ी को उसका महत्व और आवश्यकता समझाने की जरूरत है।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के ट्रस्टी डॉक्टर उमेश चंद्र पंत ने डॉक्टर प्रकाश जोशी का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं वसुंधरा निवासियों का धन्यवाद किया।