ग्रेटर नोएडा: बीटा-2 थाना पुलिस ने बंद घरों में चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से करीब 10.5 लाख रुपये के आभूषण, लैपटॉप, 02 घड़ियाँ और अवैध शस्त्र बरामद किए गए हैं।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा परवीन रंजन सिंह ने शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता में बताया कि 28 फरवरी को बीटा 2 थाना क्षेत्र के सेक्टर 36 में एक बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया था। इस दौरान लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी हुए थे। इसी मामले में पुलिस ने अवधेश (निवासी हाथरस) और बलराज (निवासी कैथल, हरियाणा) को नट मड़ैया गोल चक्कर से गिरफ्तार किया है। गिरोह का एक अन्य सदस्य बंटी अभी फरार है।
खिड़की, दरवाजा काटकर घर में करते थे प्रवेश
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शातिर किस्म के चोर हैं। वे दिन के समय बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे। जिन मकानों में ताला लगा होता था या पुराना अखबार गेट के पास पड़ा होता था तो आरोपी समझ जाते थे कि घर में लोग नहीं है। इसके बाद रात को मौका देखकर गैस कटर, आरी आदि से खिड़की या दरवाजा काटकर घर के अंदर घुसकर चोरी करते थे। चोरी का सामान बेचकर उसे आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार चोरों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने और चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। इनमें सोने का हार, चार अंगूठियां, तीन कान के टॉप्स, कुंडल, बिछिया, चेन, पैरों की पायल और एक लैपटॉप शामिल है। घटना में प्रयुक्त एक वैगनआर गाड़ी भी बरामद की गई है।
आरोपियों के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास के बारे में अन्य राज्यों से भी जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि ये लोग चोरी के आभूषण कैथल ले जाकर बेच देते थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और फरार आरोपी बंटी की तलाश कर रही है।



