इंदिरापुरम: इंदिरापुरम के स्वर्ण जयंती पार्क में आगामी 1 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले उत्तराखंड होली महोत्सव को लेकर तैयारियाँ तेज हो गई हैं। इसीक्रम में महाकौथिग टीम द्वारा शनिवार को शक्ति खण्ड-3 स्थित महावेला रेस्टोरेंट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा व इंदिरापुरम क्षेत्र के प्रबुद्धजनों ने भाग लेकर अपने सुझाव साझा किए और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की पारंपरिक होली की संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए इस तरह के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। इससे महानगरों में रह रहे उत्तराखंडवासियों को अपनी जड़ों से जुड़े रहने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक राजेन्द्र चौहान ने उत्तराखंड समाज से परिवार सहित अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर महोत्सव का आनंद लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल होली उत्सव नहीं, बल्कि सांस्कृतिक मिलन और सामाजिक एकता का भी प्रतीक होगा।
बैठक में राजेन्द्र चौहान, दिनेश लखेड़ा, जगमोहन रावत, राजेन्द्र रावत, नरेंद्र सिंह बिष्ट, जगत रावत, रेखा चौहान, आरुषि, रजनी ढौंडियाल जोशी, बबली ममगाई, सुनीता ध्यानी सहित महाकौथिग टीम के सदस्य उपस्थित रहे।



