दिल्ली-एनसीआर: दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आज रात से गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 31 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे दिल्ली में ठिठुरन बढ़ेगी।

मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी से 7 फरवरी के बीच 3 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे हिमालयी राज्यों में बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम एवं मध्य भारत के इलाकों में बारिश की संभावना है। पहले दो विक्षोभ 31 जनवरी से 3 फरवरी तक असर दिखाएंगे जबकि तीसरा 5 फरवरी से सक्रिय होगा। दिल्ली में मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बदलाव किया है। दिल्ली के साथ ही एनसीआर में आज यानी शनिवार रात से मौसम बदल जाएगा। मौसम विभाग ने दिल्ली में रविवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR में आज 31 जनवरी को रात में गरज-चमक और तेज हवाओं (30–40 किमी प्रति घंटा) के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 1 फरवरी 2026 को दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश के एक या दो दौर की संभावना है। दोपहर से शाम तक हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान में भी 3 फरवरी तक बारिश हो सकती है। IMD ने घने कोहरे की चेतावनी भी जारी की है। आने वाले दिनों में बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, पहली फरवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद दिल्ली में दो फरवरी को यह 11 से 13 डिग्री, तीन फरवरी को 10 से 12 डिग्री और 4 फरवरी को 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिल्ली में 5 और 6 फरवरी को न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।