nikki yadav shahil gahlot

Nikki Murder Case: देश की राजधानी दिल्ली में बीते 9 फरवरी की रात को हुए निक्की यादव हत्याकांड में अब तक कई सनसनीखेज खुलासे हो चुके हैं। दिल्ली पुलिस को जाँच के दौरान पता चला कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी साहिल गहलोत और मृतिका निक्की यादव की शादी पहले ही हो चुकी थी। सूत्रों के मुताबिक साहिल और निक्की की शादी अक्टूबर 2020 मे नोएडा के आर्य समाज मंदिर में ही हुई थी। पुलिस को शादी से संबंधित सर्टिफिकेट भी मिले हैं। साहिल के परिवार को निक्की से शादी के बारे में जानकारी थी। परंतु उसका परिवार उनकी शादी से खुश नहीं था। पुलिस ने साहिल के पिता, उसके दो चचेरे भाइयों और दो दोस्तों को निक्की से छुटकारा पाने और दूसरी लड़की के साथ शादी करने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

इस शादी से नाखुश साहिल के परिवार ने दिसंबर 2022 में उसकी शादी कहीं और तय की और लड़की के परिवार से यह छिपाया कि साहिल ने निक्की से पहले ही शादी कर ली थी। दिल्ली पुलिस ने रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद साहिल और निक्की की शादी से जुड़े सर्टिफिकेट भी बरामद किए हैं। पुलिस ने उस आर्य समाज मंदिर के पुजारी से भी पूछताछ की जहां निक्की की शादी हुई थी।

साहिल के पिता समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक साहिल के साथ हत्या की साजिश रचने में उसके परिवार के लोग और दोस्त भी शामिल थे। दिल्ली क्राइम ब्रांच के मुतबिक निक्की यादव हत्याकांड में पुलिस रिमांड में साहिल गहलोत से पूछताछ की गई। उसने निक्की की हत्या करने के बाद उसके साथ अन्य सह-आरोपियों को इसके बारे बताया, और फिर सभी विवाह समारोह में शामिल हुए। पुलिस द्वारा सभी 5 सह-आरोपियों से पूछताछ की गई। उनकी भूमिका की पुष्टि और पता लगाने के बाद उन्हें गिरफ़्तार किया गया। दिल्ली पुलिस की टीम ने जिन 5 लोगों को गिरफ्तार किया उनमें आरोपी के पिता वीरेंद्र गहलोत, भाई अशीष और नवीन, दोस्त लोकेश और अमर शामिल हैं। इसमें नवीन दिल्ली पुलिस में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है और मिली जानकारी के अनुसार साहिल का मौसेरा भाई है। पुलिस अब इनसे लगातार पुछताछ कर हत्या से जुड़े राज उगलवाने में जुटी है। आगे की जांच जारी है।

निक्की हत्याकांड कब क्या हुआ था

दिल्ली के नजदीक नजफगढ़ के मित्रांव गांव के रहने वाले साहिल गहलोत की 2018 में हरियाणा के झज्जर से रहने वाली निक्की यादव से दोस्ती हुई थी। साहिल ने ग्रेटर नोएडा के एक कॉलेज में दाखिला लिया। बाद में निक्की भी यहाँ एक कॉलेज से अंग्रेजी ऑनर्स करने लगी।

ग्रेटर नोएडा में दोनों किराए के एक घर में रहने लगे। पढ़ाई के दौरान दोनों मनाली, ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून गए। कोरोना संकट की शुरुआत होने पर दोनों अपने घर लौट आए लेकिन कोविड संकट जब खत्म हुआ तो दोनों द्वारका में किराए के एक मकान में रहने लगे। दोनों लिव इन रिलेशन में रहने लगे। सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन दिक्कत पिछले साल से शुरू हुई, जब साहिल के परिजन उस पर शादी का दबाव डालने लगे। साहिल परिजनों की मर्जी से शादी करने के लिए तैयार हो गया। इंगेजमेंट की तारीख 9 और शादी की तारीख 10 फरवरी तय की गई। 9 फरवरी को साहिल की इंगेजमेंट हुई। जैसे ही यह बात निक्की को पता चली, वह बिखर गई। इस बात को लेकर निक्की और साहिल को लेकर झगड़ा हुआ।

रिपोर्ट के मुताबिक साहिल ने निक्की को फोन कर कहा कि आओ घूमने चलते हैं। 9 फरवरी की रात साहिल निक्की के फ्लैट पर पहुंचा। यहां से उसने निक्की को अपनी कार में बैठाया। इसके बाद दोनों की कार में फिर से कहासुनी हुई। और साहिल ने 9 फरवरी की रात को निक्की की कार में मोबाइल फोन चार्जिंग केबल से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कार की आगे की सीट पर रखा। वह दिल्ली की सड़कों पर घुमाता रहा। इसके बाद 35 किमी दूर मित्रांव गांव पहुंचा। साहिल ने यहां अपने ढाबे के फ्रिज में निक्की का शव छिपा दिया। इसके बाद 14 फरवरी को पुलिस ने निक्की के शव को साहिल के ढाबे के फ्रिज से बरामद किया था। दिल्ली पुलिस ने सबसे पहले हत्यारोपी साहिल को गिरफ्तार किया। साहिल ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि 9 फरवरी की रात निक्की उसके साथ थी जिसके बाद उसने उसकी हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद अपने दोस्त के ढाबे के फ्रीज में शव छिपाया। साहिल की दूसरी शादी उसी दिन थी। यानी वह प्रेमिका की हत्या करने के बाद मंडल में जा बैठा था। उसके बाद अब उसके पिता सहित 5 अन्य सह आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस जांच में साहिल ने खुलासा किया कि उसकी और निक्की की 2020 में ग्रेटर नोएडा के डेल्टा-1 स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी हो गई थी। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के अनुसार वह दोनों लिव-इन में नहीं बल्कि पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे। इस शादी में साहिल के मित्र गवाह बने थे।

मंदिर के पुजारी का कहना है कि इस शादी के दो लोग गवाह थे लेकिन उन्हें नहीं पता कि वह निक्की की तरफ से थे या साहिल की तरफ से। पुजारी ने बताया कि दोनों जब शादी के लिए आए थे तो बेहद खुश दिख रहे थे। वह तो ऐसी किसी वारदात के बारे में सोच भी नहीं पा रहे।