नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कल्याणी सामाजिक संस्था द्वारा आगामी आगामी 15 मार्च 2026 को गढ़वाल भवन, नई दिल्ली में सातवां ‘कल्याणी’ सम्मान समारोह भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम उन प्रेरणादायी महिलाओं को समर्पित है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों से संघर्ष कर समाज में विशिष्ट पहचान बनाई है और अपने कार्यों से देश व समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बनी हैं।

कल्याणी सामाजिक संस्था की अध्यक्षा एवं संस्थापिका बबीता नेगी ने बताया कि संस्था द्वारा वर्ष 2020 में पहली बार अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “कल्याणी सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया था। तब से लगातार हर वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कल्याणी सामाजिक संस्था मातृशक्ति के सम्मान में समारोह आयोजित करती आ रही है। संस्था की ओर से लगातार सातवीं बार आयोजित होने जा रहे इस समारोह का उद्देश्य मातृशक्ति में नई ऊर्जा का संचार करना तथा समाज कल्याण के लिए कार्यरत महिलाओं को सम्मानित कर उन्हें सशक्त बनाना है। कार्यक्रम 15 मार्च 2026 को दिन में 12 बजे से शुरू हो जायेगा।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी गढ़वाल उपस्थित रहेंगी। विशिष्ट अतिथियों में श्रीमती विदुषी निशंक (निदेशक, स्पर्श हिमालय फाउंडेशन एवं लेखक गांव देहरादून), श्रीमती सुषमा रावत (पूर्व निदेशक—एक्सप्लोरेशन, ओएनजीसी; चेयरमैन, ओटीबीएल; ओएनजीसी टेरी बायोटेक लिमिटेड) तथा सुप्रसिद्ध गायिका एवं डायरेक्टर (हिमाद्री फिल्म्स) श्रीमती नीलिमा मिश्रा शामिल होंगी।

कल्याणी सम्मान’ 2026 के लिए चयनित महिलाएं
इस वर्ष उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से सामाजिक, सांस्कृतिक, कला, साहित्य, पर्यावरण व खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 11 महिलाओं का चयन किया गया है—

  1. डॉ. मीना नेगी (उत्तरकाशी) – असिस्टेंट प्रोफेसर, कवयित्री, गायिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता
  2. डॉ. दीपा जोशी (हल्द्वानी, नैनीताल) – सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना
  3. सुषमा रावत (ग्राम कुंजेठा, पौड़ी गढ़वाल) – समाजसेवी एवं उत्तराखंड आंदोलनकारी
  4. भारती सैनी (अल्मोड़ा/नैनीताल) – कला क्षेत्र में योगदान
  5. लीला पयाल (देवाल, थराली, चमोली) – लोकगायिका
  6. सरोजनी मैठाणी (रुद्रप्रयाग) – पर्यावरण संरक्षण क्षेत्र
  7. डॉ. (कु.) विमला (चकराता, देहरादून) – वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता, अतिरिक्त मुख्य विधि सलाहकार, ओएनजीसी (सेवानिवृत्त)
  8. सावित्री नेगी (पौड़ी गढ़वाल) – उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी एवं समाजसेविका
  9. सूमा रावत (ग्राम जैंतोली,एकेश्वर, पौड़ी गढ़वाल) – सामाजिक क्षेत्र
  10. शिवानी गुप्ता (देहरादून) – खेल क्षेत्र (मार्शल आर्ट्स)
  11. सानिया राणा (ग्राम गिवाली, पोखड़ा, पौड़ी गढ़वाल) – सामाजिक योगदान

संस्था की अध्यक्षा सुश्री बबीता नेगी ने कहा कि जब कोई नारी अपने कार्यों को सफलतापूर्वक मंजिल तक पहुंचाती है, तो वह सम्मान की अधिकारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद यहां की महिलाएं हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। संस्था का प्रयास है कि राज्य के हर कोने से ऐसी प्रेरणादायी महिलाओं को पहचान और सम्मान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि “कल्याणी” नाम स्वयं नारी शक्ति का प्रतीक है और संस्था का उद्देश्य समाज कल्याण के लिए समर्पित प्रत्येक महिला को मंच प्रदान करना है। संस्था ने सभी चयनित महिलाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।