नई दिल्ली: घुघुती फाउंडेशन द्वारा प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 स्थित रेडफॉक्स पार्क में तीन दिवसीय भव्य ‘राज्योत्सव’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
आगामी 09 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय भव्य उत्तराखंडी सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी, इन्दर आर्य, सौरभ मैठाणी, रोहित चौहान, विवेक नौटियाल, मृणाल रतूड़ी, मनोज आर्या, सौरभ सेमवाल, अंकित चंखवान, मेघना चंद्रा, स्वााति भट्ट सहित कई नामचीन लोक कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। तीनों दिन लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की विशेष झलक देखने को मिलेगी।
तीन दिवसीय राज्योत्सव प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सांस्कृतिक नृत्य, गायन प्रतियोगिता और उत्तराखंड से संबंधित सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उसके बाद शाम 4 बजे से उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक/गायिकाओं द्वारा लोक गीतों की प्रस्तुतियां पेश की जायेंगी। ‘राज्योत्सव’ सांस्कृतिक कार्यक्रम के पहले दिन यानी 9 जनवरी को गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों की धूम रहेगी।
कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ पहाड़ी व्यंजनों के स्वाद के साथ-साथ राज्य की संस्कृति और परंपरा से जुड़े विभिन्न उत्पाद भी उपलब्ध रहेंगे। अन्नपूर्णा फ़ूड स्टॉल पर मंडवे की रोटी, फाणु भात, चैन्सु भात जैसे पहाड़ी व्यंजनों के साथ मोमोज, पाव भाजी, गोल गप्पे आदि फ़ास्ट फ़ूड भी उपलब्ध रहेंगे।
घुघुती फाउंडेशन के आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक संगीत और परंपराओं को देश की राजधानी में सहेजना एवं प्रचारित करना है। कहा कि यह आयोजन उत्तराखंडी समाज को एक मंच पर जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उत्तराखंडी प्रवासियों के पहुंचने की उम्मीद है।



