Delhi-NCR: दिल्ली-एनसीआर से लेकर देश के ज्यादातर हिस्से इन दिनों आसमान से बरस रही आग के चलते भीषण गर्मी की चपेट में हैं। रविवार को दिल्ली का नजफगढ़ इलाका सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मंगेशपुर और पीतमपुरा का तापमान भी 47 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली में भीषण गर्मी और लू चलने का रेड अलर्ट जारी किया है।
वैसे रविवार को दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है। जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। यह सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं जताई है। विभाग ने दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में 47.7 डिग्री रहा तापमान
गुजरात के अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान 33-45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सुरेंद्रनगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर प्रदेश में आगरा में सबसे अधिक तापमान 47.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली के कई इलाकों में लू की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार को लू चलने की भविष्यवाणी की है और रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसारदिल्ली के कई स्थानों पर लू की स्थिति रहेगी, जबकि कुछ स्थानों पर भीषण लू की स्थिति बन सकती है। विभाग ने 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया है। मौसम विभाग की माने तो दिल्ली में 21 मई तक रेड अलर्ट की स्थिति बनी रहेगी। उसके बाद उत्तर-पश्चिम दिशाओं से चल रही हवाओं की दिशाओं में बदलाव हो सकता है जिससे कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि तापमान में ज्यादा सुधार नहीं होगा, लेकिन 24 मई से एक बार फिर तापमान बढ़ सकता है। आशंका है कि तापमान बढ़कर 45 डिग्री को पार कर जाएगा। मौसम अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है और बच्चों, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों वाले लोगों सहित कमजोर लोगों को ज्यादा ख्याल रखने को कहा है।
हीट स्ट्रोक का खतरा
मौसम विभाग ने कहा कि सभी उम्र के लोगों में गर्मी से हीट स्ट्रोक हो सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों वाले लोगों को ज्यादा ध्यान देना होगा। विभाग ने धूप में निकलने से बचने और खूब ज्यादा पानी पीने को कहा है।
पांच दिन में चार डिग्री चढ़ा राजधानी का तापमान
- 15 मई—40.6 डिग्री सेल्सियस
- 16 मई—41.2 डिग्री सेल्सियस
- 17 मई—42.5 डिग्री सेल्सियस
- 18 मई—43.6 डिग्री सेल्सियस
- 19 मई—44.4 डिग्री सेल्सियस
सामान्य से सात डिग्री ज्यादा रहा यहां का तापमान
- नजफगढ़—47.8 डिग्री सेल्सियस
- मुंगेशपुर—47.7 डिग्री सेल्सियस
- पीतमपुरा—47.0 डिग्री सेल्सियस
लू से कैसे बचें
- प्रचार माध्यमों पर हीट वेव/लू की चेतावनी पर ध्यान दें।
- प्यास लगे या न लगे अधिक से अधिक पानी पीयें।
- हल्के रंग के पसीना सोखने वाले सूती कपड़े पहनें।
- घर से बाहर निकलते समय धूप के चश्मे, छाता, टोपी यानी हैट व चप्पल का प्रयोग करें।
- अगर आप खुले में कार्य करते हैं तो सिर, चेहरा, हाथ, पैरों को गीले कपड़े से ढककर रखें। तेज धूप से बचने के लिए छाते का प्रयोग करें।
- लू से प्रभावित व्यक्ति/ महिला को छाया में लिटाकर सूती गीले कपड़े से पोंछे और नहलायें।
- यात्रा करते समय पीने का पानी साथ रखें। कच्ची प्याज खाएं और ऊपरी जेब में भी रखें।
- लस्सी, कच्ची अंबियों का पना, इमली का पानी, चावल का पानी, नींबू पानी, छाछ आदि का उपयोग करें, जिससे शरीर में पानी की कमी की भरपाई हो सके।
- हीट स्ट्रोक, हीट रैश, हीट कैम्प के लक्षणों जैसे कमजोरी, चक्कर आना, सरदर्द, उबकाई, पसीना आना, बेहोशी आदि को पहचानें।
- अगर बेहोशी या बीमारी अनुभव करते हैं तो तुरन्त डॉक्टर से सलाह लें।
- अपने घर को ठंडा रखें। पर्दे, दरवाजे आदि का प्रयोग करें और रात व शाम के समय कमरों व घर को ठंडा करने के लिये इन्हें खोल दें।
- पंखे, गीले कपड़े का प्रयोग करें तथा बार-बार स्नान करें।
- कार्यस्थल पर पीने का ठंडा पानी रखें।
- सीधे सूर्य की रोशनी से बचें।
हीट वेव/लू में क्या न करें:
- जानवरों एवं बच्चों को कभी भी बंद/खड़ी गाडियों में अकेला न छोडें।
- दोपहर 11 से 04 बजे के मध्य सूर्य की रोशनी में जाने से बचें। सूर्य के ताप से बचने के लिए जहां तक सम्भव हो, घर के निचली मंजिल पर रहें।
- अधिक प्रोटीन और बासी एवं इन्फेक्टेड खाना न खाएं।