नई दिल्ली: दिल्ली प्रेस क्लब में आज देश के महान नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, कांग्रेस के पूर्व संयुक्त सचिव हरिपाल रावत, वरिष्ठ पत्रकार कुशाल जीना, सुनील नेगी, राज्य आंदोलनकारी सत्येंद्र रावत, अनिल पंत, प्रताप थलवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस मौके पर हरीश रावत और धीरेंद्र प्रताप ने हेमवती नंदन बहुगुणा को भारत के राजनीतिक इतिहास का बेमिसाल नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भागीदारी निभाई और आजादी के बाद देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
धीरेंद्र प्रताप ने इस अवसर पर मांग की कि हेमवती नंदन बहुगुणा को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित किया जाना चाहिए।
वहीं, सुनील नेगी, हरिपाल रावत और कुशाल जीना ने उन्हें एक कुशल प्रशासक बताते हुए पेट्रोलियम क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री रहते हुए उन्होंने खाड़ी देशों के साथ मजबूत संबंध स्थापित किए, जिसका लाभ आज भी देश को मिल रहा है और भारत ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर हेमवती नंदन बहुगुणा को श्रद्धांजलि अर्पित की।



