Amit Shah corona positive: देश के गृह मंत्री अमित शाह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने अभी कुछ देर पहले खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि “कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूँ। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जाँच करवाएं।”
अमित शाह को डॉक्टरों की सलाह पर गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें आइसोलेट किया गया है। मेदांता अस्पताल की डॉ. सुशीला कटारिया के नेतृत्व में अन्य चिकित्सकों की टीम उनकी देखरेख कर रही है।
गृह मंत्री अमित शाह एक दिन पहले ही लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की 100वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहां उनके साथ मंच पर कई लोग मौजूद थे।
बता दें कि देशभर में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना संक्रमण के 54,735 नए मामले सामने आए हैं जबकि 853 लोगों की मौत हुई है। जिसके बाद देश में अब तक कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 17,50,723 हो गई है। जबकि इस महामारी के कारण अब तक 37,364 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूँ। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जाँच करवाएं।
— Amit Shah (@AmitShah) August 2, 2020



