Delhi Unlock Guidelines: दिल्ली वासियों के लिए अच्छी खबर है। राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के घटते मामलों और पॉजिटिविटी रेट को देखते हुए लॉकडाउन अब और नहीं बढ़ाया जाएगा। दिल्ली में सोमवार यानी 31 मई से धीरे-धीरे अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने आज दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) की बैठक में उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ हुई चर्चा के बाद दिल्ली में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली ने काफी हद तक कोविड-19 की दूसरी लहर पर काबू पा लिया है। दिल्ली में कोरोना के केस कम हो रहे हैं। और अब धीरे-धीरे लॉकडाउन हटाने की प्रक्रिया को शुरू की जाएगी। हालांकि उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ जंग अभी खत्म नहीं हुई है। इसलिए दिल्ली को सीधे पूरी तरह से अनलॉक करने की बजाय चरणबद्ध तरीके से अनलॉक किया जाएगा। समाज के सबसे गरीब तबके का ध्यान रखना है। सोमवार से अनलॉक के पहले चरण में कंस्ट्रक्शन और फैक्ट्री को खोला जाएगा। हफ्ते दर हफ्ते जनता के सुझाव और एक्सपर्ट के सुझाव पर लॉकडाउन खोलेंगे। और धीरे-धीरे दिल्ली पूरी तरह अनलॉक होगी। हालाँकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर बीच में ऐसा लगता है कि इससे दिल्ली में फिर से केस बढ़ रहे हैं तो हमें अनलॉक की प्रक्रिया को रोकना पड़ेगा।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 1100 के करीब नए केस आये हैं, जबकि 1.5% संक्रमण दर हो गई है और अब अनलॉक करने का टाइम है। इसे देखते हुए कंस्ट्रक्शन गतिविधियों और फैक्ट्रियों को सोमवार सुबह से खोला जा रहा है। पहले सप्ताह में बाजार आदि अभी नहीं खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि हर सप्ताह, विशेषज्ञों एवं जनता की राय के आधार पर सरकार अनलॉक की प्रक्रिया को जारी रखेगी।
बता दें कि दिल्ली में 19 अप्रैल को लॉकडाउन लागू किया गया था। इसकी अवधि पांचवी बार बढ़ाई गई। पांचवीं बार दिल्ली में लॉकडाउन को एक सप्ताह के लिए 31 मई तक बढ़ा दिया गया था।
सीएम केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के मुख्य बिंदु
- सोमवार(31 मई) को सुबह 5.00 बजे तक ये लॉकडाउन है।
- मुश्किल से कोरोना काबू में आया है। इसी के तहत आज दिल्ली के उपराज्यपाल की अध्यक्षता में डीडीएमए की बैठक हुई।
- इस बैठक में फैसला लिया गया दिल्ली को धीरे-धीरे खोला जाए।
- दिल्ली को खोलने में सबसे पहले हमें समाज के उस तबके को ध्यान में रखना है जो सबसे गरीब हैं, मजदूर हैं।
- दिल्ली में कई राज्यों से मजदूर आते हैं अपनी आजीविका के लिए हमें इनका सबसे ज्यादा ख्याल रखना है, इसलिए सबसे पहले इन्हें राहत दी जाएगी।
- सोमावर से निर्माण और फैक्टरी गतिविधियों को खोला जाएगा।
- हफ्ता दर हफ्ता जनता के सुझाव और एक्सपर्ट की राय के आधार पर धीरे-धीरे खोलेंगे दिल्ली।
- अगर बीच में ऐसा लगता है कि इससे दिल्ली में फिर से केस बढ़ रहे हैं तो हमें अनलॉक की प्रक्रिया को रोकना पड़ेगा।
- आप सब लोगोंं से गुजारिश है कि कोरोना से जुड़े हर नियमों का पालन करें क्योंकि तभी कोरोना को हरा पाएंगे और दिल्ली में आर्थिक गतिविधियां दोबारा शुरू होंगी।
- अगर कोरोना दोबारा से बढ़ा तो हमारे पास लॉकडाउन के अलावा कोई चारा नहीं बचेगा।
- जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें, हम सभी को पूरी जिम्मेदारी से बर्ताव करना है ताकि ताकि हम अपनी दिल्ली और अपने देश को बचा सकें।
हम हफ़्ते दर हफ़्ते जनता के सुझावों और विशेषज्ञों की राय के आधार पर इसी तरह धीरे-धीरे लॉकडाउन खोलने की प्रक्रिया जारी रखेंगे, बशर्ते कोरोना फिर से बढ़ने नहीं लगे: दिल्ली के मुख्यमंत्री #COVID19
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 28, 2021