ग्रेटर नोएडा: शहर की सामाजिक संस्था उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बुधवार, 3 मार्च 2026 को नॉलेज पार्क स्थित संस्कारम होटल में होली मिलन एवं होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की पारंपरिक होली, लोकगीतों और लोकनृत्य की रंगत देखने को मिली, जिसका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया।

शाम करीब 4 बजे से शुरू हुए होली मिलन समारोह में समिति की महिला मंडलियों और बच्चों ने होली के गीतों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम की शुरुआत सेक्टर-36 की महिला मंडली द्वारा गणेश वंदना से की गई। इसके बाद सेक्टर अल्फा-2, एवीजे हाइट, सेक्टर गामा-1 तथा सेक्टर-36 की महिला मंडलियों ने उत्तराखंड की पारंपरिक बैठकी होली के गीतों की शानदार प्रस्तुतियां पेश कर माहौल को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सेक्टर बीटा-2 की महिला मंडली द्वारा उत्तराखंडी लोकगीतों पर प्रस्तुत मनमोहक नृत्य रहा, जिसकी दर्शकों ने खड़े होकर सराहना की। इसके बाद सेक्टर अल्फा-2 और सेक्टर-36 की पुरुष मंडलियों ने भी कुमाऊं की प्रसिद्ध बैठकी होली की शानदार प्रस्तुति दी।

इस दौरान समिति के सदस्य रविंद्र रावत ने हारमोनियम पर उत्तराखंड का प्रसिद्ध लोकगीत (देव स्तुति) “दैणा हुयां खोली का गणेशा हे…” प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। वहीं श्रुति सनवाल, अक्षिता पांडेय, मेघा जोशी और मनिला खुल्बे ने उत्तराखंडी लोकगीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

रात करीब 8:30 बजे सभी लोग सपरिवार होलिका दहन के लिए एकत्रित हुए। विधि-विधान से होलिका और भगवान नरसिंह की पूजा-अर्चना के बाद मंत्रोच्चारण के साथ होलिका दहन किया गया। इसके बाद उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर महिलाओं और पुरुषों ने सामूहिक लोकनृत्य किया तथा एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और मिष्ठान वितरण किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रुति सनवाल, अक्षिता पांडेय, मेघा जोशी, मनिला खुल्बे, रविंद्र रावत सहित अल्फा-2 महिला ग्रुप, सेक्टर-36 महिला ग्रुप, एवीजे हाइट महिला ग्रुप, बीटा-2 महिला ग्रुप, अल्फा-2 पुरुष ग्रुप और सेक्टर-36 पुरुष ग्रुप ने भागीदारी की।

कार्यक्रम के अंत में समिति के अध्यक्ष जेपीएस रावत ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ उद्घोषक डीएस नेगी और त्रिलोक पंवार ने किया। इस अवसर पर उत्तराखंड सांस्कृतिक समिति के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों सदस्य सपरिवार उपस्थित रहे।