गाजियाबाद: इंदिरापुरम के नीति खंड–2 स्थित स्वर्ण जयंती पार्क के ओपन थिएटर मंच पर आगामी 1 मार्च को उत्तराखंड की पारंपरिक होली की रंगत बिखरेगी। “उत्तराखंड होली महोत्सव” के रूप में आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव में पर्वतीय लोक परंपराओं, लोकगीतों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के बीच रंगोत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पर्वतीय सांस्कृतिक संस्था द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य संयोजंक राजेंद्र चौहान के अनुसार महोत्सव का शुभारंभ 1 मार्च को सायं 4:00 बजे होगा। कार्यक्रम में लोक गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। प्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना चौहान और गायक रोहित चौहान अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे।
राजेंद्र चौहान ने बताया कि उत्तराखंड की होली केवल रंगों का खेल नहीं, बल्कि शास्त्रीय रागों पर आधारित सामूहिक लोकगायन की समृद्ध परंपरा है। ‘खड़ी होली’ में लोग पारंपरिक वेशभूषा में समूह बनाकर गीत गाते हुए उत्सव मनाते हैं, जबकि ‘बैठकी होली’ में शास्त्रीय संगीत शैली में बैठकर गायन किया जाता है।
मीडिया प्रभारी रजनी ढौंडियाल जोशी ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में पारंपरिक पकोड़े, चाय और अन्य व्यंजनों की भी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक विरासत को संजोने का प्रयास है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी है।
आयोजन समिति में सुबोध थपलियाल, पी.एन. शर्मा, संजय उनियाल, रेनू उनियाल, राजेन्द्र रावत, जगत रावत, नरेंद्र बिष्ट, लक्ष्मण रावत, दिनेश लखेड़ा, सुनीता ध्यानी, रेखा चौहान और जगमोहन रावत सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर उत्तराखंड की लोक संस्कृति का आनंद लेने की अपील की है।



