thunder strom-delhi-ncr

Delhi-NCR News: दिल्ली-एनसीआर में अचानक मौसम ने अपना मिजाज बदल लिया है। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चल रही है। कई जगह बिजली भी कड़क रही है। मौसम के बदलते मिजाज से इस बात की आशंका जताई जा रही है की जल्द ही तेज बारिश हो सकती है। कई जगह बादलों की गरज सुनाई दे रही है। इसी के साथ तापमान में गिरावट आई है।

मौसम बदलने से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा, जो साल के इस समय के लिए सामान्य है। दिन के दौरान सापेक्ष आर्द्रता 47 से 64 प्रतिशत के बीच रही।

मौसम विभाग ने जारी किया आंधी-तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को धूलभरी आंधी चलने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा चलेगी। साथ ही पूरे दिल्ली और एनसीआर (लोनी देहात, हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, बल्लभगढ़ सहित कई इलाकों) के आसपास के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान है। इससे अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने के साथ 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। अगर बारिश होगी तो यह मई का पहला पश्चिमी विक्षोभ होगा।

शनिवार-रविवार को बारिश की संभावना

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, ‘नए सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में शुक्रवार देर रात बूंदाबांदी होगी। शनिवार और रविवार को बारिश की अधिक संभावना है।’ मौसम कार्यालय ने शनिवार को बारिश के साथ आंधी की भविष्यवाणी की है और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 और 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।