Rekha Gupta delhi CM: बीजेपी की रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी। बीजेपी विधायक दल ने रेखा गुप्ता को अपना नेता चुना है। ऐसे में अब रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री होंगी। 27 साल बाद सत्ता में आने वाली बीजेपी ने इस बार महिला चेहरे पर भरोसा जताया है। रेखा गुप्ता कल रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ लेंगी। रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक चुनी गई है। उनको पार्टी के भीतर जमीनी स्तर पर उनकी सक्रियता और संगठनात्मक कौशल के लिए पहचाना जाता है। रेखा अब बीजेपी शासित 21 राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

हरियाणा के जींद की मूल निवासी गुप्ता छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रही हैं। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता ने मेरठ से कानून की पढ़ाई की है। उनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी से पुराना नाता रहा है। उत्तरी दिल्ली की मेयर रह चुकी गुप्ता के पास प्रशासनिक अनुभव है। वह बीजेपी की महिला मोर्चा की प्रभावशाली नेता रही हैं। वह वर्तमान में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य हैं।
रेखा गुप्ता ने इस बार हुए विधानसभा चुनाव में 29 हजार 595 वोट से जीत हासिल की थी। रेखा गुप्ता को 68 हजार 200 मिले थे। उन्होंने आम आदमी पार्टी की महिला उम्मीदवार बंदना कुमारी को हराया था। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार प्रवीण कुमार जैन तीसरे स्थान पर रहे थे। 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में, आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को ही इस सीट से जीत मिली थी। इससे पहले भी 2015 में बंदना कुमारी ने ही इसी सीट पर जीत दर्ज की थी.
2020 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में, आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी ने बीजेपी की रेखा गुप्ता को हराया था।बंदना कुमारी को तब 57,707 वोट मिले, जबकि रेखा गुप्ता को 54,267 वोट मिले। कांग्रेस पार्टी के जेएस नायोल को 2,491 वोट हासिल किए थे। इससे पहले, 2015 में भी रेखा गुप्ता को इस सीट पर हार मिली थी। उन्हें आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बंदना कुमारी ने 62,656 वोट हासिल कर हराया था। उस समय कांग्रेस के सुलेख अग्रवाल को 3,200 वोट मिले थे।

अब सीएम के नाम के एलान के बाद रेखा गुप्ता उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगी।गुरुवार दोपहर रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के अन्य छह सदस्य पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़ को पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। नेता के चुनाव के लिए बैठक आज शाम पार्टी कार्यालय में हुई।
मुख्यमंत्री पद के लिए इन नेताओं के नाम की खूब चर्चा रही चली। मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में नई दिल्ली सीट से पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन शर्मा, जम्मू कश्मीर व गोवा के सह प्रभारी आशीष सूद, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा, रेखा गुप्ता, शिखा राय, अजय महावर, जितेंद्र महाजन, रविंद्र इंद्राज, कैलाश गंगवाल और करनैल सिंह सैनी के नाम की चर्चा हैं। यदि किसी सांसद को यह दायित्व मिलता है तो मनोज तिवारी भी रहे। पहले खबर आई थी कि प्रवेश वर्मा डिप्टी सीएम और विजेंद्र गुप्ता विधानसभा स्पीकर होंगे। लेकिन, इसकी भाजपा ने पुष्टि नहीं की है। बैठक में सिर्फ सीएम ही चुना गया।

रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी जोरों पर

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को रामलीला मैदान में होने वाला है। इस समारोह में 25,000 से 30,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी जोरों पर है। समारोह स्थल पर तीन मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली के उपराज्यपाल और नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री बैठेंगे। वहीं, दूसरे मंच पर धर्मगुरुओं के बैठने की व्यवस्था होगी। तीसरे मंच पर सांसदों और विधायकों के बैठने की व्यवस्था होगी