नोएडा: नोएडा सेक्टर 55 के ग्रीन बेल्ट पार्क स्थित लक्ष्य अंत्योदय सेवा केंद्र में गुरुवार (6 मार्च 2025) को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली मिलन का आयोजन किया गया। हिमगिरि जनसेवा द्वारा संचालित लक्ष्य अंत्योदय सेवा केन्द्र के इस आयोजन में गरीब एवं मलिन बस्तियों की 50 महिलाओं, लड़कियों को अंग वस्त्र (साड़ी एवं दुपट्टा) भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सेवा केंद्र के करीब 25 बच्चों को भी पुरस्कृत किया गया।
लक्ष्य अंत्योदय सेवा केन्द्र की संचालिका एवं कार्यक्रम संयोजिका सुनीता नयाल ने बताया कि उनके द्वारा विगत 5 वर्षों से स्लम बस्तियों में रहने वाले बच्चों को समाज की मुख्य धारा में लाने के उद्देश्य से नोएडा सेक्टर 55 के ग्रीन बेल्ट पार्क में लक्ष्य अंत्योदय सेवा केंद्र का संचालन किया जा रहा है। जिसमे वह मलिन बस्तियों के इन जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम इन्हीं बच्चों की माताओं एवं बहिनों को सम्मानित करने के लिए रखा गया। महिला दिवस एवं होली मिलन कार्यक्रम गीत संगीत एवं नृत्य के साथ बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर स्लम बस्तियों की महिलाओं हीरा देवी, कुमकुम, सुनीता, मधु समेत करीब 50 महिलाओं एवं छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित अनीता जोशी कार्यवाहिका राष्ट्र सेविका समिति (RSS) नोएडा विभाग ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में नयी चेतना एवं उल्लास का माहौल उत्पन्न होता है। महिला परिवार रूपी बगिया की माली है, जो परिवार की हर क्षण चिंता करती रहती है। इसलिए महिलाओं का सम्मान होना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन पूजा भट्ट ने किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजिका सुनीता नयाल, मुख्य अतिथि राष्ट्र सेविका समिति नोएडा की कार्यवाहिका अनीता जोशी, विशिष्ट अतिथि ममता शर्मा, पुष्पा भट्ट, मनोज शर्मा, ब्लॉगर शीला पंत, दीपा देवी, चम्पा मनराल, शारदा अधिकारी, दीपा रावत, मुन्नी देवी, सरिता गुणवत, कमलेश रावत, रेखा जखमोला, कुसुम तिवारी, उर्मिला डिमरी, तारा देवी, राधा जोशी, सुंदरी बिष्ट, रजनी इष्टवाल, वनिता रावत, अनीता लोहानी, विनीता माहेश्वरी समेत सैकड़ों लोग मौजद थे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को नाश्ता एवं मिष्ठान वितरित किया गया।