girl stabbed in Adarsh Nagar area

देश की राजधानी दिल्ली में लड़कियों के साथ अपराध की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आज राजधानी दिल्ली से एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मामला उत्तर पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर का है। जहाँ एक युवक ने दोस्ती तोड़ने पर युवती को चाकू से गोद डाला। यह सनसनीखेज वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़िता के गले, पेट और हाथ पर जख्म हो गए हैं। पीड़िता को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता का वरिष्ठ डॉक्टरों के नेतृत्व में इलाज चल रहा है।

दो जनवरी को आदर्श नगर इलाके में एक युवती को चाकू मारने वाले नकाबपोश सिरफिरे को पुलिस ने हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा के रूप में हुई है। दोनों दोस्त थे। बाद में दोनों के बीच किसी बात को लेकर दरार आ गई। इस पर आरोपी ने युवती को चाकू से गोद डाला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक 21 वर्षीय पीड़िता परिवार के साथ केवल पार्क एक्सटेंशन क्षेत्र में रहती है। पीड़िता डीयू के एसओएल से बीए की पढ़ाई कर रही है। पीड़िता और आरोपी सुखविंदर की दोस्ती पांच साल पहले हुई थी। आरोपी परिवार को पसंद नहीं था। इसलिए पीड़िता ने उससे धीरे-धीरे दूरी बनानी शुरू कर दी। वह आरोपी से बात नहीं कर रही थी।

पीड़िता ने अपने बयान में कहा कि वह सोमवार दोपहर को कार ड्राइविंग सीखने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे बात करने के बहाने से बुलाया। दोनों बात करते हुए गली में जा रहे थे। इस दौरान आरोपी ने उससे दोस्ती तोड़ने की वजह पूछी। देखते ही देखते आरोपी ने युवती के गले, पेट और हाथ पर करीब आधा दर्जन ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपी युवती को मरा समझकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से पीड़िता को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात के बाद आरोपी दिल्ली से अंबाला भाग गया था। पुलिस टीम अंबाला पहुंची और उसे अंबाला से तीन जनवरी को पकड़ लिया।