cbse-12th-result-2021

CBSE 12th Result 2021: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं कक्षा का रिजल्ट तैयार करने को लेकर बनी 13 सदस्यीय कमेटी ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट सौंप दी। गुरुवार, 17 जून को सीबीएसई ने सुप्रीम कोर्ट में बताया कि इस साल क्लास 12 के स्टूडेंट्स को मार्क्स किस तरह दिये जाएंगे और रिजल्ट कब तक तैयार हो जाएगा। बोर्ड के मसौदे के मुताबिक, 10वीं, 11वीं और 12वीं के प्री-बोर्ड के परिणाम को फाइनल रिजल्ट का आधार बनाया जाएगा। अगर सब कुछ सही रहा, तो 31 जुलाई तक रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे।

सीबीएसई ने कहा कि 10वीं के 5 विषय में से 3 विषय के सबसे अच्छे मार्क को लिया जाएगा, इसी तरह 11वीं के पांचों विषय का एवरेज लिया जाएगा और 12वीं के प्री-बोर्ड एग्जाम और प्रेक्टिकल का नंबर लिया जाएगा। बोर्ड ने बताया कि 10वीं और 11वीं के नंबर से 30-30% और 12वीं के नंबर से 40% के आधार पर नतीजे आएंगे। जो बच्चे परीक्षा देना चाहते हैं, उनके लिए हालात सामान्य होने पर अलग परीक्षा की व्यवस्था की जाएगी।

क्लास 12 – यूनिट टेस्ट, मिड टर्म और प्री-बोर्ड एग्जाम की परफॉर्मेंस के आधार पर मार्क्स मिलेंगे। इसका वेटेज 40% होगा।

क्लास 11 – फाइनल एग्जाम में सभी विषयों के थ्योरी पेपर की परफॉर्मेंस के आधार पर मार्क्स मिलेंगे। इसका वेटेज 30% होगा।

क्लास 10 – प्रमुख 5 विषयों में से तीन विषयों के थ्योरी पेपर के परफॉर्मेंस के आधार पर मार्क्स मिलेंगे। ये तीन विषय वे होंगे जिनमें स्टूडेंट की परफॉर्मेंस सबसे अच्छी रही होगी। इसका वेटेज भी 30% होगा।

मार्क्स फॉर्मूला व रिजल्ट की डीटेल बोर्ड जल्द ही अपनी वेबसाइट cbse.nic.in पर भी जारी कर देगा।

सुप्रीम कोर्ट में सीबीएसई ने बताया कि सभी स्कूल्स द्वारा 12वीं के प्रैक्टिकल व प्रोजेक्ट वर्क के मार्क्स 28 जून तक बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड कर दिये जाएंगे। मार्किंग फॉर्मूला जारी होने के बाद अब ओवरऑल मूल्यांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। बोर्ड 31 जुलाई 2021 तक क्लास 12 रिजल्ट तैयार कर लेगा।