CBSE sample question paper for 2022-23

CBSE Sample Paper 2022-2023: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने सत्र 2022-23 के लिए 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के सैंपल प्रश्नपत्र जारी कर दिए हैं। छात्र बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट cbseacademic.nic.in पर जाकर अपना सीबीएसई सैंपल पेपर डाउनलोड कर सकते हैं।

इससे पहले सीबीएसई द्वारा कक्षा 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा की तारीख की घोषणा कर दी गई है। सीबीएसई 10वीं 12वीं बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से शुरू होगी। इसके लिए तैयारी पूरी की जा रही है। वहीं शिक्षकों और स्कूलों को जल्द से जल्द सिलेबस पूरा करने के निर्देश दे दिए गए हैं। सीबीएसई ने कहा था कि दुनिया भर में कोरोना के प्रभाव के कम होने के बाद परीक्षा 15 फरवरी 2023 से आयोजित करने का फैसला किया हैं।

इस बार एक ही परीक्षा ली जायेगी। इसमें प्रायोगिक परीक्षा के अलावा थ्योरी परीक्षा होगी। बोर्ड की मानें तो दसवीं में पांच सेक्शन में प्रश्न रहेंगे। इसमें पहला सेक्शन वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्नों का होगा। इस बार एक-एक अंक के 20 प्रश्न पूछे जायेंगे। दसवीं में विज्ञान विषय की परीक्षा 70 अंकों की होगी। इसमें 39 प्रश्न रहेंगे। वहीं, सामाजिक विज्ञान की 80 अंकों की परीक्षा होगी। इसमें 37 प्रश्न पूछे जायेंगे।

दसवीं में प्रश्नों की संख्या 12वीं से होगी ज्यादा

इस बार दसवीं में प्रश्नों की संख्या 12वीं से अधिक रहेगी। विज्ञान में 39 और सामाजिक विज्ञान में 37 प्रश्न पूछे जायेंगे। बोर्ड की मानें तो गणित में 37 और अंग्रेजी में 30 प्रश्न पूछे जाएंगे। इस बार पूरे सिलेबस से प्रश्न पूछे जाएंगे। इसलिए बोर्ड ने सैंपल पेपर जारी कर दिया है ताकि छात्र अभी से तैयारी कर पाएं। सैंपल पेपर के साथ बोर्ड ने मार्किंग स्कीम भी जारी की है। इसमें उत्तर देने की विधि भी छात्र समझ सकेंगे।

12वीं में भौतिकी और रसायन में 35-35 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्न 18 रहेंगे। दो अंक के सात-सात प्रश्न पूछे जायेंगे। जीव विज्ञान में 70 अंक के प्रश्न पूछे जायेंगे। इसमें 33 प्रश्न रहेंगे। वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की संख्या 16 और दो अंकों के प्रश्न की संख्या पांच होगी। 12वीं में गणित विषय में 40 प्रश्न पूछे जायेंगे। 80 अंकों की परीक्षा में एक अंक के 18 और दो अंकों के पांच प्रश्न होंगे। ज्ञात हो कि कोरोना संक्रमण के कारण 2022 में बोर्ड परीक्षा दो टर्म में ली गयी थी। इसमें हर विषय के 50 अंकों की परीक्षा प्रथम टर्म और 50 अंकों की परीक्षा दूसरे टर्म में ली गयी थी। लेकिन बोर्ड ने 2023 की परीक्षा पुराने पैटर्न पर लेने का निर्णय लिया है।

CBSE Class 10 sample question paper for 2022-23

CBSE Class 12 sample question paper for 2022-23