पौड़ी: जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संगठन जनपद पौड़ी के जिला अध्यक्ष भगत सिंह भंडारी एवं जिला मंत्री मुकेश काला द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा और मुख्य शिक्षा अधिकारी जनपद पौड़ी को शिक्षकों की लंबित मांगों के संबंध में मांग पत्र सौंपा गया। जिस पर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आश्वासन दिया गया कि मांग पत्र के अनुसार सभी बिन्दुओं पर शिक्षक हित में कार्यवाही की जाएगी। इसके आलावा गढ़देवा अवकाश के संबंध में संगठन द्वारा आज मुख्य शिक्षा अधिकारी से वार्ता की गई। जिसमें मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा सभी विद्यालयों को यह अधिकार दिया गया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक अपने विवेकानुसार अनुसार आगामी माह तक गढ़देवा अवकाश का उपभोग कर सकते हैं। पत्र के अम्ध्यम से निम्नलिखित बिन्दुओं पर समाधान की मांग की गयी।

  1. वरिष्ठ कनिष्क वेतन निर्धारण एवं एरियर बिलों का भुगतान वित्त अधिकारी की स्थाई नियुक्ति के कारण नहीं हो पा रहा है। संगठन द्वारा मांग की गई की जब तक स्थाई वित्त अधिकारी की नियुक्ति नही होती है तब तक विकासखण्ड़ो में वरिष्ठ कनिष्ट के वेतन निर्धारण की प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया जाए। इस संबंध में पत्र जारी कर सभी उप शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दे दिए जाएं।
  2. जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा दीपावली अवकाश के बाद आदर्श विद्यालयों में साक्षात्कार हेतु कार्यवाही पूर्ण की जाएगी।
  3. जिला अध्यक्ष द्वारा जोर देकर कहा गया कि द्वारीखाल उप शिक्षा अधिकारी द्वारा जिस तरह अध्यापकों का उत्पीड़न किया जा रहा है उसका संगठन पुरजोर विरोध करेगा। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आश्वासन दिया गया कि इस तरह की प्रक्रिया दुबारा नहीं होगी। संगठन विद्यालय के अंतर्गत निरीक्षणों का विरोध नहीं करता, लेकिन सड़कों पर गाड़ी रोककर अध्यापकों की हाजिरी लगाने का संगठन पूर्ण रूप से विरोध करेगा और संगठन द्वारा चेतावनी भी दी गई है अगर इसी तरह प्रक्रिया चलती रही तो जनपद संगठन द्वारा द्वारीखाल में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
  4. जिला शिक्षा अधिकारी को अपने कई मांग पत्रों में शामिल इस मांग के बारे में बताया गया। उनके द्वारा तुरंत पदोन्नति संशोधन के बारे में भी सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी और शिक्षकों को उसका लाभ दिया जाएगा।
  5. संयुक्त वरिष्ठ वरिष्ठता के लिए विकासखण्डों से पुनः वरिष्ठता सूची अपडेट करने हेतु पत्र जारी किया जाएगा।
  6. संगठन द्वारा उच्चीकृत विद्यालयों में 03 पदों के सापेक्ष समायोजन और पदोन्नति की प्रक्रिया को भी तुरंत शामिल किया जाए।
  7. विद्यालय में ऑनलाइन कार्यों एवं विभाग की सूचनाओं की अधिकता के कारण पठन-पाठन में व्यवधान होने के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। इसके संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा पत्र निदेशालय को प्रेषित किया जाएगा। जिसमें संगठन की इस माँग को रखा जाएगा।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भगत सिंह भण्डारी एवं जिला मंत्री मुकेश काला ने कहा कि संगठन शिक्षक समस्याओं के संबंध में हर समय समर्पित भाव से अपने दायित्व पूर्ण कर रहा है। जिसमें हमारे संगठन के सभी सदस्यों का पूरा सहयोग संगठन की ताकत बनकर खड़ा है। शिक्षकों के शोषण एवं उत्पीड़न का संगठन पुरजोर विरोध करेगा।