Saksham Prasad Becomes Uttarakhand Topper in Uttarakhand Sanskrit Education Board Examination

देहरादून: उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिये गये हैं। परीक्षा वर्ष 2026 में परिषदीय परीक्षा में कुल 1775 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुये, जिसमें से पूर्वमध्यमा (हाईस्कूल) में 950 जबकि उत्तरमध्यमा (इंटरमीडिएट) में 825 शामिल थे। इस वर्ष पूर्वमध्यमा (हाईस्कूल) का कुल परीक्षाफल 92 फीसदी रहा जबकि उत्तरमध्यमा (इंटरमीडिएट) का रिजल्ट 88.48 फीसदी रहा है।

इस वर्ष इंटरमीडिएट (उत्तर मध्यमा) में जयदयाल अग्रवाल संस्कृत उत्तर मध्यमा विद्यालय, श्रीनगर के छात्र सक्षम प्रसाद ने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सक्षम प्रसाद कीर्तिनगर के डागर पट्टी के पाली कसिल्ड गांव के रहने वाले हैं. सक्षम की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं गुरूकुल संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय ज्वालापुर हरिद्वार के छात्र अर्जुन कुमार ने 90.8 फीसदी अंक लाकर श्रेष्ठता सूची में दूसरे स्थान प्राप्त किया। जबकि तीसरे स्थान पर द्रोणस्थली आर्ष कन्य गुरूकुल विद्यालय देहरादून की छात्रा अदिति जांगिड़ ने 88.6 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया।

10वीं (पूर्वमध्यमा) संस्कृत शिक्षा बोर्ड परीक्षा की श्रेष्ठता सूची में परशुराम चतुर्वेद विद्यालय भगवान राम, परशुराम मंदिर प्रकाशनगर देहरादून के छात्र रूद्रांश उनियाल ने 88.2 फीसदी अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया. जबकि 87.4 प्रतिशत अंक हासिल कर गुरूकुल संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय ज्वालापुर, हरिद्वार के छात्र प्रिंस पुण्डीर ने द्वितीय स्थान पर प्राप्त किया। वहीं परशुराम चतुर्वेद विद्यालय भगवान राम, परशुराम मंदिर प्रकाशनगर देहरादून के छात्र अनमोल तथा दुर्गादत्त कपिलाश्रमी संस्कृत उत्तरमाध्यमा विद्यालय हल्द्वानी के छात्र प्रकाश चन्द्र पाठक ने 86-86 फीसदी अंक लाकर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।