देहरादून: उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद, देहरादून द्वारा शुक्रवार को उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (इंटरमीडिएट) एवं पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष (हाई स्कूल) का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही ब्रिगेडियर विद्याधर जुयाल संस्कृत विद्यालय, भुवनेश्वरी ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट परंपरा को कायम रखते हुए शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया।
उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष की परीक्षा में विद्यालय के चार छात्र—आदित्य, दिव्यांशु, शशांक और मनीष ने टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद जुयाल एवं प्रधानाचार्य अनसूया प्रसाद ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें आगे और बड़े लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।
छात्रावास अधीक्षक नवीन जुयाल ने बताया कि विद्यार्थियों को परीक्षा पूर्व विशेष कक्षाएं, नियमित रिवीजन और टेस्ट सीरीज के माध्यम से सुदृढ़ तैयारी कराई जाती है। अनुशासित दिनचर्या और निरंतर अभ्यास से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है, जिससे वे उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पाते हैं।
डॉ. नवीन ममगाईं ने जानकारी दी कि विद्यालय का उत्कृष्ट परिणाम पिछले कई वर्षों से लगातार बना हुआ है। उन्होंने इसका श्रेय विद्यालय के कुशल नेतृत्व और समर्पित शिक्षकों को दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण डॉ. अनूप कुकरेती, कमलदीप पोखरियाल, ईशान डोभाल, आशीष डबराल, नीरज पटवाल एवं अंकित मैठानी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का संयुक्त परिणाम है।
परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को बधाई दी, शिक्षकों का आभार जताया और अपनी सफलता का जश्न मनाया। वहीं अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए इसे अनुशासित शिक्षा व्यवस्था और समर्पित शिक्षकों का प्रतिफल बताया।
जगमोहन डांगी



